Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

Election Update: नाम वापसी के बाद अब 632 प्रत्याशी रहे गए चुनाव मैदान में, 95 प्रत्याशियों ने लिए नाम वापस

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। नाम वापसी के बाद अब उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों के लिए 632 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। नामांकन वापसी के दिन सोमवार को राज्यभर में 95 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस लिए। 70 सीटों पर 632 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में 21 जनवरी से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू की थी। 28 जनवरी नामांकन की आखिरी तारीख जबकि सोमवार 31 जनवरी का दिन नाम वापसी के लिए तय था।
नाम वापसी के दिन राज्य की सभी सीटों पर कुल 95 दावेदारों ने अपने अपने नामांकन वापस ले लिए। राज्य में विधानसभा की 70 सीटों के लिए कुल 750 दावेदारों ने नामांकन कराए थे। जिसमें से 23 नामांकन जांच के दौरान खारिज कर दिए गए थे। 727 में से 95 दावेदारों की ओर से नाम वापस लिए जाने के बाद अब चुनाव मैदान में कुल 632 प्रत्याशी बच गए हैं। सोमवार को नाम वापसी के दिन देहरादून जिले में सर्वाधिक 24 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए। इसके अलावा टिहरी जिले में पांच, नैनीताल में नौ , यूएस नगर में 13, अल्मोड़ा में छह, पिथौरागढ़ में तीन, बागेश्वर में तीन, चम्पावत में एक, हरिद्वार में 17, उत्तरकाशी में चार, पौड़ी में पांच, चमोली में तीन और रुद्रप्रयाग जिले में भी दो दावेदारों ने नाम वापस लिए हैं। राज्य में नैनीताल जिले की नैनीताल सीट, पौडी की यमकेश्वर और टिहरी के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से सबसे कम पांच-पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। जबकि राज्य में देहरादून जिले की धर्मपुर विधानसभा सीट पर सर्वाधिक 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। विधानसभा चुनावों के लिए राज्य में कुल 82 लाख 37 हजार 913 मतदाता है। जिसमें से 42 लाख 24 हजार 288 पुरुष जबकि 39 लाख 19 हजार 334 महिला मतदाता हैं। चुनाव आयोग के अनुसार राज्य में कुल 93 हजार 964 हैं सर्विस वोटर हैं जबकि 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए राज्य में कुल 11 हजार 647 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार राज्य में पोलिंग बूथ की संख्या पिछली बार के मुकाबले बढ़ाई गई है।