Consulting Editor: Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून, 25 जुलाई। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के कथित पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस ने देहरादून में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नंदा की चौकी से विश्वविद्यालय परिसर तक मार्च निकालते हुए प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर नारेबाजी की। बाद में तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला भी फूंका गया।
प्रदर्शन में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय गेट पर पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा, नीट और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग सहित विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना था कि यदि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई तो कांग्रेस इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने न्यायिक जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी उठाई।
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाएगी।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े पेपर लीक, सॉल्वर गैंग, फर्जी परीक्षार्थियों और परीक्षा केंद्रों में अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे हैं, जिनकी प्रभावी रोकथाम जरूरी है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला दहन किया और “पेपर लीक बंद करो” तथा “दोषियों को गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल भेजा। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, जिलाध्यक्ष संजय किशोर सहित प्रदेश कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
*नोट: इस मामले में सरकार या उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित कर दिया जाएगा।



