चमोली। भगवान श्री बदरी विशाल के तेल कलश ‘गाडू घड़ा’ की द्वितीय चरण की यात्रा आज श्री बद्रीनाथ धाम के पुजारी समुदाय डिमरी के मूल ग्राम डिम्मर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से विधि-विधान, विशेष पूजन-अर्चन एवं बाल भोग के उपरांत वेद मंत्रोच्चार के बीच शुभारंभ हुई।
गाडू घड़ा यात्रा उमट्ठा, पाखी, रविग्राम, लंगासू, चमोली, बिरही, पीपलकोटी होते हुए बद्रीनाथ यात्रा मार्ग से आगे बढ़ेगी। आज गाडू घड़ा का रात्रि प्रवास ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अप्रैल को गाडू घड़ा श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचेगा तथा 23 अप्रैल को कपाट उद्घाटन के साथ ही इसे विधि-विधानपूर्वक मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा।


