Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल समाप्त, मुख्यमंत्री धामी के समझाने पर माने अभियंता, कमेटी होगी गठित

Dehradun Delhi Mussoorie Uttarakhand


देहरादूनI (By: M. Faheem ‘Tanha’) : उत्तराखंड में कई दिनों से चल रही डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल को वापस ले लिया गया हैI आज शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों ने बैठक में अपनी विभिन्न मांगों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के समझाने के बाद हड़ताल अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है I

प्रमुख मांगे: महासंघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी 27 सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें पदोन्नति, वेतनमान और पुरानी पेंशन व्यवस्था से जुड़े विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे |

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखती है और उनकी सभी मांगों का समुचित परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान के लिए एक सब-कमेटी का गठन किया जाएगा, जो संबंधित बिंदुओं का गहन अध्ययन कर शीघ्र अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय के माध्यम से सभी समस्याओं का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को सुचारू बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और राज्य के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सभी पक्षों को सकारात्मक पहल करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने इंजीनियर्स महासंघ से अपील की कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए सहयोगात्मक रुख अपनाएं और वार्ता प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि शीघ्र समाधान निकल सके। उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार डिप्लोमा इंजीनियर्स की मांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। संवाद और समन्वय के माध्यम से हम सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

बैठक कई विभागों के वरिष्ठ आईएएस सचिवों सहित महासंघ के पदाधिकारी शामिल हुए I जिनमें सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, लोकनिर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेI महासंघ की तरफ से इंजीनियर आरसी शर्मा प्रांतीय अध्यक्ष डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ, इंजीनियर छबील दास सैनी प्रांतीय अध्यक्ष डिप्लोमा इंजीनियर संघ लोक निर्माण विभाग, इंजीनियर अनिल पवार प्रांतीय अध्यक्ष डिप्लोमा इंजीनियर संघ सिंचाई विभाग, इंजीनियर रामकुमार सदस्य उच्च अधिकार समिति महासंघ, इंजीनियर पंकज सैनी महासचिव जल विद्युत निगम, इंजीनियर ए पी सिंह इंजीनियर अरविंद सिंह सजवान भी मुख्यमंत्री की बैठक में शामिल हुए I

हड़ताल समाप्त काम बढ़ेंगे आगे: मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के आश्वासन और सकारात्मक चर्चा के बाद डिप्लोमा engineers की हड़ताल समाप्त हो गई हैI बैठक में शामिल अभियंता रामकुमार ने बताया कि हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है I सोमवार से सभी अभियंता काम पर लौटेंगे I

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *