Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

भाजपा की विजयी प्रत्याशी ऋतु खंडूड़ी का महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। कोटद्वार सीट से भाजपा की विजयी प्रत्याशी ऋतु खंडूड़ी का बलवीर रोड भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही महिला मोर्चा ने ऋतु खंडूड़ी को पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि महिला मोर्चा ने जिस प्रकार से विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाया और उनके बाद पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों को जनता तक पहुंचाकर पार्टी को जीत दिलाई है, इसके लिए वह अपनी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करती हैं।
भाजपा की विजयी प्रत्याशी ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी के विकास मॉडल का स्वागत किया है। आज जिस तरीके से भाजपा ने प्रदेश में चहुमुंखी विकास किया है, यही कारण है कि भाजपा पूर्ण बहुमत से जीती है। कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि यह संगठन का निर्णय है। संगठन जिसे भी सीएम के लिए नामित करेगा, उसका पूरी महिला मोर्चा स्वागत करेगी। उन्होंने कहा कि वो पार्टी की सामान्य कार्यकर्ता हैं। वह अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन कर रही हैं और करती रहेंगी। भाजपा के इस विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में आने के बाद भाजपा महिला मोर्चा का जोश भी दोगुना दिख रहा है। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता इस कदर जोश में लबरेज दिखीं कि भाजपा मुख्यालय में जमकर थिरकीं। वहीं अब भाजपा महिला मोर्चा ने अपनी प्रदेश अध्यक्ष और कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है। महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा मुख्यालय में ऋतु खंडूड़ी को सीएम बनाने को लेकर नारेबाजी की। भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों का कहना है कि जब महिला 10 से 15 दिन के भीतर चुनाव लड़ सकती हैं, तो वह प्रदेश का नेतृत्व भी बखूबी कर सकती हैं। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पीएम मोदी के कामों को जनता तक सरलता से पहुंचा सकती हैं। इसके साथ ही एक महिला परिवार और समाज में अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाती है। अब भाजपा महिला मोर्चा ने हाईकमान से मांग कि है कि ऋतु खंडूड़ी को इस बार सीएम बनाया जाए। जिससे कि महिलाओं को भी नेतृत्व मिल सके और उत्तराखंड से नारी सशक्तिकरण का संदेश जा सके।