Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

रजिस्ट्री फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड केपी सिंह की जेल में संदिग्ध मौत

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: देहरादून में हुए रजिस्ट्री फर्जीवाड़े में सहारनपुर जेल में बंद मुख्य आरोपितों में से एक केपी सिंह की बीते गुरुवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। आठ सितंबर को दून पुलिस उसे बी-वारंट पर दून भी लाई थी। यहां उससे रजिस्ट्री फर्जीवाड़े से संबंधित साक्ष्य बरामद किए गए थे। इसके बाद उसे वापस सहारनपुर जेल भेज दिया गया। केपी इस फर्जीवाड़े की अहम कड़ी था, ऐसे में उसकी मृत्यु को लेकर तमाम सवाल उठ रहे हैं।

जिला कारागार सहारनपुर के अधिकारियों के अनुसार केपी को हाइपर टेंशन (अत्यधिक तनाव) के कारण दौरा पड़ा था। जिसके बाद उसे सहारनपुर के जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन यह दावा भी कर रहा है कि केपी अपना मानसिक संतुलन खो चुका था। उसकी उम्र 51 वर्ष थी और वह सहारनपुर में ईदगाह कस्बा रोड का रहने वाला था। उस पर सहारनपुर व देहरादून में विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज थे।

देहरादून में रजिस्ट्री फर्जीवाड़े में नाम सामने आने के बाद केपी ने गिरफ्तारी के डर से एक पुराने मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर सहारनपुर कोर्ट में समर्पण कर दिया था। इसके बाद आठ सितंबर को दून पुलिस उसे बी-वारंट पर सहारनपुर जेल से दून लाई थी। तब कोर्ट ने उसकी चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की थी।