Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

नशा तस्करों के खिलाफ उत्तराखंड एसटीएफ की जबरदस्त स्ट्राइक, एसटीएफ ने किया 19 किलो चरस के साथ, तीन अंतरराज्यीय ड्रग–तस्करों को गिरफ्तार

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: उत्तराखंड राज्य में बढ़ते नशे की प्रवृति की रोकथाम हेतु मुख्यमंत्री के उत्तराखंड के ड्रग्स–फ्री देवभूमि अभियान के तहत एवं पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अशोक कुमार के दिशा निर्देशन पर एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा ड्रग्स डीलरों के विरुद्र कार्यवाही के आदेश के क्रम में सीओ एसटीएफ कुमाऊँ सुमित पांडे एवं प्रभारी निरीक्षक एसटीएफ एमपी सिंह के नेतृत्व में ए.एन.टी.एफ टीम(एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) द्वारा देर रात थाना थराली जनपद चमोली के देवाल क्षेत्र से 03 अंतरराज्यीय ड्रग्स डीलरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 19 किलो अवैध चरस बरामद की गयी। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया गया कि वह जनपद चमोली और बागेश्वर के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से चरस लाकर मैदानी क्षेत्रों को सप्लाई करते हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा बताया गया कि वर्ष के शुरुवात में एसटीएफ द्वारा तीन नशा तस्करों से बड़ी भारी मात्रा में चरस की बरामदगी की है और यह पिछले कई सालों में पुलिस द्वारा की गई अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है।बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कीमत करीब ₹95लाख आंकी गई है। एनसीबी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय मार्केट में 1 किलो चरस की कीमत 5 लाख करीब आंकी गई है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ द्वारा आगे बताया गया कि उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में हो रही ड्रग तस्करी में संलिप्त तस्करों पर एसटीएफ लगातार नजर बनाए हुए हैं । इसी क्रम में जनपद चमोली में गिरफ्तार किए गए इन तीनों तस्करों पर पिछले 1 माह से हमारी एसटीएफ कुमाऊं की टीम काम कर रही थी, जिसमे आज सफलता मिली है। गिरफ्तार अभियुक्त ड्रग्स के बड़े सौदागर थे जो कि कई वर्षों से पुलिस की आँखों में धूल झोंकते हुए ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे, जिनकी आज भारी व्यावसायिक मात्रा के साथ गिरफ्तारी हुई है । इसमें हमारी एसटीएफ टीम द्वारा तीनो अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा थाना थराली जनपद चमाोली में एनडीपीएस एक्ट में दर्ज कराया गया है। साथ ही अब आगे इस बात की जानकारी की जा रही है कि इन तस्करों को ये ड्रग्स की सप्लाई कहाँ से आती है और किसे दी जाती थी। इस पर हमारी टीम आगे काम कर रही है। हमारी टीम द्वारा दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ी मेहनत से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। एसटीएफ की इस कार्रवाई में आरक्षी वीरेंद्र सिंह चौहान की विशेष भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा नशा तस्करों को गिरफ्तार करने वाली टीम को ₹10000 इनाम की घोषणा की गई है

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एस. टी. एफ, उत्तराखंड द्वारा अपने ऑफिस नंबर जारी करते हुए जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहे। किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी न करें। नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही हेतु तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एस. टी. एफ उत्तराखंड से संपर्क करें।