Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

ग्रेड पे दिए जाने की मांग को लेकर पुलिसकर्मियों के परिजनों ने किया सीएम आवास कूच

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। ग्रेड पे दिए जाने की मांग को लेकर पुलिसकर्मियों के परिवार के लोगों ने राजधानी देहरादून में फिर से आंदोलन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्र हुई महिलाओं ने पहले गांधी पार्क गेट पर धरना दिया। आंदोलनकारियों ने 4600 ग्रेड पे दिए जाने की मांग को लेकर सचिवालय कूच किया। इस दौरान पुलिस बल ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच कर गए।
प्रदर्शनकारी अपने बच्चों को लेकर कूच के लिए पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास से पहले ही रोक दिया गया। जिससे गुस्साए प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के समीप धरने पर बैठ गए। प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस अधिकारियों ने भी पुलिसकर्मियों के परिजनों को समझाया, लेकिन वह नहीं माने। जिसके बाद पुलिस के परिजनों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान पुलिस व पुलिसकर्मियों के परिजनों के बीच हाथापाई हुई। पुलिसकर्मियों का यह आंदोलन मार्च से शुरू हुआ था। इस बीच सोशल मीडिया पर भी आंदोलन चलाया गया। इसके बाद कोविड काल में काला मास्क लगाकर विरोध दर्ज कराया गया था। वहीं सोमवार को गिरफ्तारी के दौरान महिला दारोगा और महिला पुलिस परिजन ने एक दूसरे का कॉलर पकड़ लिया। इतना ही नहीं गिरफ्तारी के दौरान पुलिस वाहन के अंदर महिला दारोगा व महिला पुलिस परिजन के बीच हाथापाई भी हुई। प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा घंटों मशक्कत की गई। मामले में पुलिसकर्मियों के परिजनों ने इससे पहले दो बार मुख्यमंत्री आवास का कूच किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विगत 21 अक्तूबर को पुलिसकर्मियों को 4600 ग्रेड पे दिए जाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस परेड अवसर पर साल 2001 में भर्ती हुए पुलिस सिपाहियों को 4600 ग्रेड पे की सौगात देने की घोषणा की थी। घोषणा के बाद पुलिसकर्मियों के परिजनों में भी उत्साह था।