Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

मेरी माटी मेरा देश: अभियान से देखिए किनको जोड़ा जाएगा, हो रही बड़ी तैयारी

Dehradun Delhi Uttarakhand


देहरादून। Big News Today अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने राष्ट्रीय अभियान को राज्य में आयोजित करने की तैयारी की समीक्षा बैठक की। ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान को राज्य में सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए सरकार के विभिन्न विभाग जिला प्रशासन के साथ मिलकर मिशन मोड पर कार्य कर रहे हैं। देशभर की तरह ही उत्तराखण्ड में भी इस अभियान में वसुधा वंदन, शिलाफलकम (स्मारक) को शामिल करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी की समीक्षा करने के लिए अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी अध्यक्षता में सचिवालय में बैठक हुई। बैठक में राज्य में मेरी माटी मेरा देश अभियान के आयोजन की रूपरेखा पर गहन चर्चा की गई।

फ़ोटो: एसीएस अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी

एसीएस राधा रतूड़ी ने सभी जिलाधिकारियों को अपने अपने जनपदों के हर गांव में वसुधा वंदन कार्यक्रम के तहत पौधारोपण सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त संख्या में पौधों की व्यवस्था करने एवं नर्सरी मैपिंग के निर्देश दिए।

कई विभागों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका

इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में वन विभाग, उद्यान विभाग, शिक्षा विभाग, संस्कृति विभाग, खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग,  पंचायती राज विभाग, सैनिक कल्याण विभाग तथा जनजागरूकता में सूचना विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। अपर मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को स्कूली बच्चों, वॉलियन्टर्सं, स्वयं सेवी संगठनों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा अधिकाधिक स्थानीय लोगों को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनपद स्तर पर दीया एवं कलश बनाये जाने हेतु स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग को मेरी माटी मेरा देश अभियान से सम्बन्धित विशेष मार्च आयोजन तथा वीरो का सम्मान के निर्देश दिए गए हैं।

अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने वसुधा वंदन और शिलाफलकम के महत्व पर बल दिया। उन्होंने  कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत-गांव वसुधा वंदन के अंतर्गत स्वदेशी प्रजातियों के 75 पौधे लगाकर धरती का नवीनीकरण और पुनः पूर्ति करेगा। एसीएस ने शिलाफलकम के महत्व पर बल देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य उन सभी वीरों के प्रति अपना हार्दिक भाव व्यक्त करना है जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से इस आयोजन में अधिकाधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही सभी क्षेत्रों के लोगों से इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का अनुरोध किया है।

छोटे शहरी निकायों-कैन्टोनमैंट बोर्ड एवं नगर पंचायतों में ग्रामीण क्षेत्रों हेतु यह समस्त कार्यक्रम 9 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित किया जायेगा तथा बड़ी नगर पालिकाओं में यह कार्यक्रम 16 अगस्त से 20 अगस्त तक आयोजित किया जायेगा। छोटे शहरी निकायों से मिट्टी कलश बड़ी नगर पालिकाओं एवं निगमों में समारोहपूर्वक जाए जाएगें।

बैठक में सचिव राधिका झा, हरीचंद सेमवाल, दीपेन्द्र कुमार चौधरी अपर सचिव विनीत कुमार, जितेन्द्र सोनकर, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, निदेशक संस्कृति बीना भट् तथा अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।