Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

जिला प्राधिकृत समिति की बैठक में जनपद में नए उद्योगों की स्थापना के 6 आवेदनों पर विचार

Dehradun Uttarakhand


Consulting Editor: Mo Faheem 'Tanha'

देहरादून, (By: Neha Goyal )। जिला विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन कार्यालय में उद्योग विभाग के तत्वावधान में जिला प्राधिकृत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नए उद्योगों की स्थापना से संबंधित 6 आवेदनों पर विचार किया गया, जिनमें से 5 को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि एक होटल संबंधी आवेदन में आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों में लंबित एनओसी प्रकरणों का माह के अंत तक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त इकाइयों में एक एडिबल नट प्रोसेसिंग यूनिट, दो सोलर पावर प्लांट, एक आयुर्वेदिक हर्बल सप्लीमेंट यूनिट तथा एक कोरोगेटेड बॉक्स निर्माण इकाई शामिल हैं। इन इकाइयों की स्थापना से जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक में महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग, लीड बैंक प्रबंधक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती, उप प्रभागीय वनाधिकारी आयशा बिष्ट, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी सहित समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।