उत्तराखंड में 97 मदरसों को मिला मान्यता प्रमाणपत्र ….

Dehradun Delhi Mussoorie Uttarakhand


BIG NEWS TODAY : देहरादून। एक तरफ उत्तराखंड राज्य में गैर पंजीकृत मदरसों को सील करने की कार्यवाही भी लगातार सामने आ रही है। दूसरी तरफ उत्तराखंड मदरसा एजुकेशन बोर्ड ने नव-पंजीकृत व नवीनीकरण प्राप्त 97 मदरसों को प्रमाणपत्र वितरित किए। शनिवार को बोर्ड कार्यालय में बोर्ड अध्यक्ष मुफ्ती शमून क़ासमी की अध्यक्षता में  प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। 

बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार हो रहे हैं। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार मदरसा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार और सुधार की दिशा में अग्रसर है। उनकी दूरदर्शी नीतियों और कुशल प्रशासन के परिणामस्वरूप प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों को सशक्त किया जा रहा है।  मुख्यमंत्री का उद्देश्य है कि पारंपरिक धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी और समकालीन शिक्षा को भी बढ़ावा मिले, जिससे छात्र मुख्यधारा की शिक्षा से जुड़ सकें।  

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जताया आभार

बोर्ड अध्यक्ष मुफ्ती शमून क़ासमी ने कहा, "मुख्यमंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं होता। उनकी संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने मदरसा शिक्षा को मजबूती प्रदान की है। हम उनके निरंतर समर्थन और प्रयासों के लिए हृदय से आभारी हैं।

बोर्ड का उद्देश्य राज्य के मदरसों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना एवं उन्हें सरकारी मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना है। हमारी कोशिश है कि मदरसा शिक्षा को आधुनिकता एवं पारंपरिकता के समन्वय के साथ और अधिक सशक्त बनाया जाए...(मुफ्ती शमून कासमी, अध्यक्ष , उत्तराखंड मदरसा बोर्ड।)

इस समारोह के दौरान बोर्ड से नव-पंजीकृत एवं नवीनीकरण प्राप्त मदरसों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कुल 97 प्रमाणपत्र  वितरित किए गए, जिनमें 49 नए पंजीकरण एवं 48 नवीनीकरण दोनों सम्मिलित थे। यह पहल राज्य में मदरसा शिक्षा की गुणवत्ता एवं पंजीकरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।