Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

खेल महाकुंभ: सीएम धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ, शूटिंग रेंज का भी हुआ लोकार्पण

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टुडे: उत्तराखंड में आज राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का आगाज हो गया है। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सीएम पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने महाकुंभ का शुभारंभ किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया।

खेल मंत्री ने कहा कि इस महाकुंभ का उद्देश्य 38 वें राष्ट्रीय खेलो के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए प्रदेश के खिलाड़ियों को तैयार करना है। इस दौरान खेल विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता एवं प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

इस खेल महाकुंभ में 13 जनपदों की 13 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, कार्यक्रम में खिलाड़ियों द्वारा अपने मलखम्ब की खेल विधा से मंत्रमुग्ध कर दिया गया, साथ ही मुर्गा झपट,दौड़ सहित कई अन्य खेल भी आयोजित किये गए, विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर खिलाड़ियों की भोजन थाली को 150 से बढ़ाकर 225 की घोषणा के साथ ही न्याय पंचायत, ब्लॉक स्तर ,जिला स्तर और राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों की धनराशि में भी बढ़ोतरी की घोषणा की. इस दौरान सीएम धामी ने न्याय पंचायत के खिलाड़ियों को भी नकद इनाम देने की घोषणा की। अभी तक इन खिलाड़ियों को सिर्फ प्रशस्ती पत्र मिलता था।

सीएम ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर के प्रथम विजेता को 300 दूसरे स्थान को 200 व तीसरे स्थान पर आने वाले खिलाड़ी को 150 रुपये मिलेगा। इसके अलावा विकासखंड के विजेता को 500, जनपद स्तर के विजेता को 800 और राज्य स्तरीय विजेता को 1500 रुपये मिलेंगे। न्याय पंचायत स्तर के अलावा अन्य केटेगरी के खिलाड़ियों को धनराशि पहले भी मिलती थी। इसकी धनराशि मे बढ़ोतरी की गई है। 

खेल महाकुंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय खेल की शूटिंग प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 31.18 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित शूटिंग रेंज का लोकार्पण किया।