Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

केंद्रीय संचार ब्यूरो का तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का समापन

Dehradun Uttarakhand






Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’

देहरादून (Big news today)। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं, चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों के माध्यम से विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया।


समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड, चकराता के उपाध्यक्ष श्री अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे स्वयं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें और समाज के अन्य लोगों को भी इनके प्रति जागरूक कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।


समापन समारोह में कैंट इंटर कॉलेज, चकराता के छात्र-छात्राओं ने भाषण, पेंटिंग एवं क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सूचना स्टॉलों से सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


कार्यक्रम के दूसरे दिन जौनसार पब्लिक स्कूल, चकराता के विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। तीसरे दिन कैंट इण्टर कॉलेज के छात्रों ने जौनसारी लोक नृत्य पेश कर समां बंधा।


दूसरे दिन की मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मृदुला थापा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उनमें जागरूकता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।


कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों की प्रमुख योजनाओं, सेवाओं एवं लाभार्थी कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं एवं पुरुषों ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए सूचना स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाया।


चकराता में आयोजित तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत “नशा मुक्त भारत अभियान” विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में जौनसार पब्लिक स्कूल के जूनियर एवं सीनियर वर्ग और कैंट इण्टर कॉलेज के विजेताओं को मुख्य अतिथि अनिल चांदना ने पुरस्कार दे कर सम्मानित किया।
जौनसार पब्लिक स्कूल के जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान नमस्वी तोमर, दूसरा स्थान अर्पित रंजन व  तृतीय स्थान एना तोमर ने प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान शम्भवी, द्वितीय स्थान अरैना चांदना व तृतीय ईशांत नेगी ने प्राप्त किया।


विकसित भारत विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कैंट इण्टर कॉलेज की छात्रा नाव्या ने प्रथम, प्रिन्सी ने द्वितीय और कृष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में कैंट इण्टर कॉलेज की गरिमा ने प्रथम, आराध्य तोमर ने द्वितीय और सोनाक्षी वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *