उधमसिंह नगर। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सरस आजीविका मेला 2026 के द्वितीय दिवस पर कृषि एवं पशुपालन उत्सव के अंतर्गत किसानों और कृषि विशेषज्ञों के मध्य एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा एक दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रीष्मकालीन धान के विकल्प के रूप में मक्का एवं अन्य वैकल्पिक फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की गई। गोष्ठी में लगभग 120 कृषकों ने प्रतिभाग किया। सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत आयोजित बॉलीवुड नाइट कार्यक्रम ने मेले में उपस्थित जनसमूह को मनोरंजन से सराबोर कर दिया। हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा की व्यंग्यपूर्ण एवं हास्य कविताओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। इससे पूर्व आयोजित फूलों की होली के मनमोहक आयोजन ने कार्यक्रम में पारंपरिक रंग भर दिए। तत्पश्चात उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार संकल्प खेतवाल की शानदार प्रस्तुति पर उपस्थित दर्शक देर रात तक झूमते रहे


