Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री की स्थिति को ही हास्यास्पद बना दियाः गोदियाल

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारतीयों की वापसी के बाद जिस तरह से भाजपा नेताओं की ओर से पीएम की जय-जयकार के नारे लगवाए जा रहे हैं, उस पर कांग्रेस ने चुटकी ली है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री की स्थिति को ही हास्यास्पद बना दिया है। रेस्क्यू कर लाए गए बच्चों से पीएम मोदी के जय-जयकार के नारे लगवाए जा रहे हैं। गोदियाल ने कहा कि देश में पहले भी कई बड़े-बड़े रेस्क्यू अभियान चले, लेकिन ऐसा जगराता पहली बार हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश में कुछ ऐसा माहौल बनाने की कोशिश हो रही है जैसे पहली बार देश में कोई रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा हो।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में भी कई मौकों पर रेस्क्यू अभियान चलाए गए, लेकिन कभी इस तरह का लाभ लेने की कोशिश नहीं की गई। लेकिन आज भाजपा नेताओं की ओर से हर चीज, हर बात में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एहसान जताने की यह प्रवृत्ति भाजपा को ले डूबेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि खरीद-फरोख्त के मामले में भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। उत्तराखंड के साथ तमाम राज्यों में भाजपा पहले ऐसा कर चुकी है। गोदियाल ने कहा कि मीडिया में इस तरह की खबरें आ रही हैं कि भाजपा पुनः ऐसा कर सकती है, इसलिए कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को दूसरे राज्यों में शिफ्ट कर सकती है, लेकिन यह सत्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार ऐसा दुस्साहस नहीं करेगी। हम इन सब बातों को लेकर पहले से सचेत हैं। उन्होंने कहा भाजपा ने अपनी ऐसा छवि बना ली है कि लोग ही उसे अब संदेह की नजरों से देखने लगे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा की ओर से 60 पार जाने का दावा किया गया था, लेकिन बहुत जल्दी उसका यह घमंड टूटने जा रहा है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को भी इस बात का भान हो गया है कि यूपी समेत उत्तराखंड में उसकी जमीन खिसक चुकी है। इसलिए उसके प्रदेश स्तरीय नेताओं को दिल्ली तलब किया जा रहा है। जबकि कांग्रेस पहले दिन से कह रही है कि वह कंफर्ट मैजोरटी के साथ प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।