निकाय चुनाव की मतगणना शनिवार को, होती रही चर्चा कौन-कौन बनेंगे शहर के सरताज!

Dehradun Delhi Mussoorie Uttarakhand


BIG NEWS TODAY : उत्तराखंड नगर निगमों और निकायों के चुनाव की प्रक्रिया शनिवार को मतगणना के साथ ही समाप्त हो जाएगी। ये घोषित हो जाएगा कि किस सीट पर कौन जीता और कौन हार गया। शुक्रवार को दिन भर लोगों में यही चर्चा होती रही कि शहर की सरकार के कौन-कौन सरताज बनेंगे। देहरादून नगर निगम के चुनाव की मतगणना के लिए रेंजर्स कॉलेज में व्यवस्था की गई है। शनिवार की सुबह सवेरे 8 बजे से काउंटिंग शुरू हो जाएगी।

नगर निगमों सहित 100 निकायों में 5405 प्रत्याशी- राज्य में 11 नगर निगमों सहित कुल 100 नगर निकाय हैं जिनमें नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत शामिल हैं। इनमें महापौर, पालिकाध्यक्ष, चेयरमैन, पार्षद एवं वार्ड मेंबर के पदों पर कुल 5405 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है।। नगर निगमों के मेयर पदों के लिए 72 प्रत्याशियों सहित नगर पालिका परिषदों में चेयरमैन पर पद पर 214 और नगर पंचायतों में चेयरमैन पद के लिए 231 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य मतगणना के बाद साफ हो जाएगा। 
फोटो- सीसीटीवी कैमरा लगाते हुए कर्मचारी

जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल ने शुक्रवार को भी रेंजर्स कॉलेज में मतगणना की पुख्ता और व्यवस्थित तैयारियों का जायजा लिया। देहरादून नगर निगम में 100 वार्ड हैं। महापौर बनने के लिए चुनाव मैदान में 11 प्रत्याशी हैं। वहीं निगम के 100 वार्डों के पार्षद चुनावों के लिए भी 385 प्रत्याशियों के भी राजनीतिक भाग्य का फैसला आज हो जाएगा।

प्रत्येक निकाय की वहीं पर होगी मतगणना- देहरादून नगर निगम चुनाव की मतगणना रेंजर्स कॉलेज में होगी। जिला अधिकारी सविन बंसल ने मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। राज्य में सभी नगर निगमों और निकायों की उन्ही के क्षेत्र में मतगणना होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि सुरक्षित और व्यवस्थित मतगणना के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
फोटो- मतगणना कर्मचारी देहरादून में

मतदान के अंतिम आंकड़े, 65.41 फीसदी मतदान– राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा गुरुवार को हुए मतदान की प्रदेश भर के जनपदवार प्रतिशत का रिवाइज डाटा शुक्रवार की शाम को भेजा गया है। जिसके अनुसार राज्य भर में औसतन 65.41 फीसदी मतदान हुआ है। जिसमें जनपद अल्मोड़ा में 62.45 फीसदी, जनपद बागेश्वर में 67.19 फीसदी, जनपद चमोली 65.03 फीसदी, जनपद चंपावत में 68.81 फीसदी, जनपद देहरादून में 58.56 फीसदी, जनपद हरिद्वार में 70.87 फीसदी, जनपद नैनीताल में 66.33 फीसदी, जनपद पौड़ी गढ़वाल में 64.97 फीसदी, जनपद पिथौरागढ़ में 65.02 फीसदी, जनपद रुद्रप्रयाग में 70.58 फीसदी, जनपद टिहरी में 61.80 फीसदी, जनपद ऊधमसिंह नगर में 71.70 फीसदी, जनपद उत्तरकाशी में 65.62 फीसदी मतदान हुआ है।