Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

कैबिनेटः विजिलेंस में बढ़ेंगे 20 नए पद, जियोथर्मल एनर्जी पॉलिसी को मंजूरी सहित धामी सरकार के कई फैसले

Dehradun Delhi Mussoorie Uttarakhand


BIG NEWS TODAY : (देहरादून, 09 जुलाई 2025)। उत्तराखंड सरकार ने विजिलेंस विभाग में 20 नए पदों को बढ़ाने का फैसला किया है। इसके अलावा कैबिनेट बैठक में कई अहम अन्य फैसले भी हुए। बुधवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मंजूरी दी गई। विजिलेंस विभाग में 20 नये पदों के लिए स्वीकृति मिलने के बाद अब पदों की संख्या 132 से बढ़कर 152 होगी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के तहत पुलों की वहन क्षमता बढ़ाने से संबंधित अध्ययन के लिए परियोजना प्रबंधन इकाई (पी.एम.यू) के गठन की सहमति।

राज्य में भी सूचिबद्ध होंगी केंद्रीय कंपनियां

इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सूचीबद्ध 7 कंपनियों को सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित सेवाओं और सामग्रियों की आपूर्ति के लिए राज्य में भी सूचीबद्ध करने का भी पुष्कर धामी कैबिनेट में निर्णय लिया गया है। उत्तराखण्ड वित्त सेवा संवर्ग के ढ़ांचे का पुनर्गठन किये जाने के अनुमोदन। उत्तराखंड वित्त सेवा संवर्ग के ढांचे में सृजित विभिन्न वेतनमान एवं प्रास्थिति के पदों को विभागीय कार्यावश्यकता के दृष्टिगत कार्य एवं दायित्वों के आधार पर श्रेणीवार पदों की कुल संख्या को अपरिवर्तित रखते हुए पुनर्वितरण किये जाने का अनुमोदन हुआ। बच्चों के बालिग (18 वर्ष) होने पर भी विधवा और वृद्धावस्था पेंशन नियमित रूप से दिए जाने का निर्णय लिया गया।

जिला खनिज फाउंडेशन न्यास नियमावली, 2025

उत्तराखंड राज्य खनिज अन्वेषण न्यास, नियमावली 2025 को बुधवार को सचिवालय में हुई मुख्यमंत्री धामी कैबिनेट मंजूरी मिल गई है। खनिज अन्वेषण में राज्य सरकार विशेष रूप से लघु खनिजों के मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। राज्य सरकार को राज्य खनिज अन्वेषण न्यास स्थापित करने के लिये प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण न्यास के शासी निकाय की छठी बैठक में चालू और आगामी वित्तीय वर्षों में राज्य खनिज अन्वेषण न्यास में राज्य सरकार द्वारा वार्षिक संग्रह के 10 प्रतिशत की सीमा तक राज्य सरकारों को अनुदान प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इस सम्बन्ध में खान मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखण्ड राज्य खनिज अन्वेषण न्यास के गठन के लिए नियमावली प्रख्यापित की गई है।

उत्तराखंड जिला खनिज फाउंडेशन न्यास नियमावली

कैबिनेट द्वारा उत्तराखंड जिला खनिज फाउंडेशन न्यास नियमावली, 2017 यथासंशोधित 2023 के कतिपय प्रावधान को संशोधित करने एवं कतिपय अतिरिक्त नवीन प्रावधानों को सम्मिलित करते हुए उत्तराखंड जिला खनिज फाउंडेशन न्यास नियमावली, 2025 प्रख्यापित की जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया।

उत्तराखंड जियोथर्मल एनर्जी पॉलिसी 2025

उत्तराखंड जियोथर्मल एनर्जी पॉलिसी 2025 को भी कैबिनेट की मंजूरी मिल गयी है। इस पॉलिसी का उद्देश्य राज्य में जियो थर्मल संसाधनों की खोज एवं पहचान हेतु वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है, जो आर्थिक और पर्यावरणीय दृष्टि से व्यवहार्य हो। नीति का उद्देश्य चिन्हित भू-तापीय ऊर्जा स्थलों के विकास और उपयोग को प्रोत्साहित करने के साथ ही भू-तापीय ऊर्जा के उत्पादन और विद्युत उत्पादन, हीटिंग और कूलिंग सिस्टम के प्रत्यक्ष इस्तेमाल, जल शुद्धिकरण और सामुदायिक विकास में इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना है। इस नीति के माध्यम से भू-तापीय ऊर्जा के माध्यम से राज्य में कार्बन उत्सर्जन को कम करने और राज्य के दीर्घकालिक पर्यावरणीय व ऊर्जा लक्ष्यों में योगदान के माध्यम से राज्य की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करना है। यह नीति राज्य के सभी भू-तापीय परियोजनाओं पर लागू होगी। इसका कार्यान्वयन राज्य के ऊर्जा विभाग द्वारा उरेडा, और यू.जे.वी.एन.एल के सहयोग से किया जाएगा।

टैक्स विभाग में डिजिटल फॉरेंसिक लैब बनेगी

राज्य कर (टैक्स विभाग) विभागान्तर्गत डिजिटल फोरेंसिक लेबोरेटरी की स्थापना करने की योजना बनाई गयी है। इसके प्रस्ताव को बुधवार को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिल गई है। लैब की परिकल्पना की गई है, जिसका उद्देश्य सूचना एवं साक्ष्यों का कलेक्शन , रिट्रीवल एवं एनालिसिस करते हुए कराधान के कानूनों का प्रभावी अनुपालन किया जाना है। फोरेंसिक लेबोरेटरी से राज्य कर विभाग के साथ ही राज्य में स्थित अन्य विभाग यथा सीजीएसटी, इनकम टैक्स आदि को भी लाभ मिलेगा।