Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

बसुकेदार तहसील दिवस बना जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच

Dehradun Uttarakhand






रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद रुद्रप्रयाग में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रशासन लगातार सक्रियता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में बसुकेदार में आयोजित तहसील दिवस ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरा। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।


तहसील दिवस में ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मूलभूत समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा। ग्राम नैणी पौंडार की प्रधान नीतू देवी ने गांव में खुली विद्युत लाइनों से बने खतरे की समस्या उठाई। वहीं अरखुंड के ग्रामीणों ने वर्ष 2007-08 में निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया।


डालसिंगी क्षेत्र के ग्रामीणों ने डालसिंगी-झिरोका-सेमचारी मोटर मार्ग निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। कौशलपुर निवासी मुन्नी देवी ने बसुकेदार-डालसिंगी मोटर मार्ग निर्माण के कारण हो रहे भू-धंसाव से अपने आवासीय भवन को खतरा होने की शिकायत दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त डुंगरा गांव के विक्रम लाल ने बस्ती मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की समस्या रखी, जबकि डालसिंगी के भगवती प्रसाद भट्ट ने बसुकेदार चिकित्सालय में लंबे समय से चिकित्साधिकारी की तैनाती न होने का मामला उठाया। अरखुंड के ग्रामीणों ने गांव में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी। दानकोट निवासी पुष्कर दत्त ने पशुपालन हेतु पशुबाड़ा स्वीकृत करने का अनुरोध किया। वहीं कौशलपुर गांव के जसपाल सिंह ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय के नीचे निवासरत लगभग 30 परिवारों को नियमित पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या से अवगत कराया।


अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। तहसील दिवस में उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया, खंड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी, नायब तहसीलदार राजपाल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *