रुद्रपुर। शहर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को रोकने पर आरोपियों ने एक सिक्योरिटी गार्ड की चाकू मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भांजे समेत तीन अन्य लोगों पर भी चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बीती शाम रेशमबाड़ी निवासी 50 वर्षीय लीलाधर पुत्र बिहारी लाल एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि घर के पास ही कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। युवकों की इस हरकत को देखकर लीलाधर के भांजे राहुल पुत्र विजेंद्र पाल ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इस बात पर युवक भड़क गए और उन्होंने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। भांजे के साथ मारपीट होते देख लीलाधर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने राहुल को बचाने के लिए बीच-बचाव किया और युवकों द्वारा किए जा रहे हंगामे पर नाराजगी जताई। आरोप है कि उनकी यह बात युवकों को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने लीलाधर पर चाकू से हमला बोल दिया। हमलावरों ने राहुल को भी नहीं बख्शा और उसके अलावा रामअवतार पुत्र जौहरी लाल तथा अनुज पुत्र सुखदेव पर भी चाकू से वार कर दिए।
अचानक हुए इस हमले में चारों लोग लहूलुहान होकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने 50 वर्षीय लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चाकू लगने से घायल राहुल, रामअवतार और अनुज का उपचार शुरू किया गया। एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई। रुद्रपुर के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया है।




