Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

 पार्किंग विवाद में दबंग ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार

Dehradun


देहरादून। रायवाला के हरिपुर कला में वाहन पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद में एक दबंग युवक ने रिवॉल्वर निकालकर चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने की आवाज से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

हरिपुर कला में ताबड़तोड़ फायरिंग होते देख लोग घबराकर अपने घरों में छिप गए, जबकि कुछ लोगों ने अपने घरों की छतों से इस घटना का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया। घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष देर रात तक कोतवाली में डटा रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायवाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और चार खोखे कारतूस बरामद किए हैं।

रायवाला थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार, घटना 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है। हरिपुर कला के इंटर कॉलेज रोड निवासी शिवम लिंगवाल पुत्र नंदलाल ने कोतवाली रायवाला में तहरीर देकर बताया कि धर्मपाल उर्फ मुन्ना उनके घर के सामने पहुंचा और वहां खड़ी उनकी मोटरसाइकिल तथा पड़ोसी भास्कर की कार को लात मारने लगा। इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए वाहन हटाने को कहा।
शिवम और उनके साथ मौजूद परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी और अधिक गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने अपनी जेब से रिवॉल्वर निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। इस दौरान दोनों भाई-बहन बाल-बाल बच गए, जबकि आरोपी की गोली  कार में जा लगी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुल चार राउंड फायरिंग की।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबक गए। कुछ लोगों ने अपने घरों की छतों से फायरिंग की घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। सूचना मिलने पर रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक कोतवाली में मौजूद रहा। मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर मंगलवार 24 नवंबर को कोतवाली रायवाला में धारा 109, 351 और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषिकेश और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में थानाध्यक्ष रायवाला के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार 24 नवंबर को आरोपी धर्मपाल उर्फ मुन्ना (45 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह निवासी इंटर कॉलेज रोड, हरिपुर कला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और चार खोखे कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी उत्तराखंड के साथ ही अन्य राज्यों से भी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *