Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

पुलिस ने नशें में बस चला रहे चालक को पकड़ा,चालक के खिलाफ मामला दर्ज

Dehradun


टिहरी। मंगलवार को उत्तरकाशी से श्रीनगर जा रही बस को लंबगांव में पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोक लिया। चालक के नशे में होने का अंदेशा होने पर पुलिस ने अल्कोमीटर से जांच की तो उसके अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बस को सीज कर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार काशी विश्वनाथ सेवा की बस सुबह उत्तरकाशी से श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी।  बस लंबगांव थाना के समीप पहुंची। यहां चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों को चालक की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस ने अल्कोमीटर से उसकी जांच की, जिसमें चालक के अत्यधिक शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई।यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने बस को आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद बस में सवार यात्रियों को श्रीनगर भेजने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई।

उत्तरकाशी से आई बस को मौके पर ही सीज कर दिया गया। थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि बस चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन आयुक्त को संस्तुति भेजी गई है। बस में चालक और परिचालक सहित कुल 30 लोग सवार थे। सभी यात्री अलग-अलग स्थानों के रहने वाले थे। यात्रियों ने समय रहते कार्रवाई कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की सराहना की।