Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

कृषि क्षेत्र में देखने को मिल रहा क्रांतिकारी बदलाव

Dehradun


Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’

देहरादून(Big news today)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और राज्य सरकार की किसान-उन्मुख नीतियों के परिणामस्वरूप उत्तराखंड के दूरस्थ सीमांत क्षेत्रों में बागवानी व कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीण युवाओं तक पहुँच रहा है, जिससे युवा अपनी जड़ों की ओर लौटकर स्वरोजगार और समृद्धि का नया अध्याय लिख रहे हैं।

इसी कड़ी में चंपावत जिले के विकास खंड लोहाघाट अंतर्गत सुदूरवर्ती बांकू गाँव निवासी श्री राजीव जोशी का प्रयास एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है। मास कम्युनिकेशन में परास्नातक (Master’s) करने के बाद लगभग 12 वर्षों तक एक प्रतिष्ठित निजी न्यूज़ चैनल में सफल मीडिया करियर का संचालन करने वाले राजीव जोशी ने अपने पिता स्वर्गीय बसंत बल्लभ जोशी के अकस्मात निधन के बाद गाँव लौटने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मिल रहे सरकारी प्रोत्साहन से प्रेरित होकर उन्होंने अपने पिता द्वारा स्थापित बागवानी की विरासत को आधुनिक सोच व तकनीक के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि राजीव जोशी के पिता स्व. बसंत बल्लभ जोशी ने बांकू गाँव की एक अत्यंत दुर्गम, ढलानदार और बंजर खाई को अपनी कठोर मेहनत से सीढ़ीदार खेतों में बदला था। उन्होंने संतरा, माल्टा, नींबू और आम जैसे फलदार पौधों के साथ-साथ शिमला मिर्च, मटर, बैंगन, टमाटर व मूली जैसी फसलों की खेती कर परिवार का पालन-पोषण किया। आज उसी भूमि पर लगभग 1000 फलदार वृक्ष लहरा रहे हैं, जो परिवार की आर्थिक रीढ़ बने हुए हैं।

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में उद्यान विभाग द्वारा राजीव जोशी को लगातार ढांचागत एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। विभागीय योजनाओं के तहत उन्हें ड्रिप सिंचाई प्रणाली, पॉलीहाउस, उन्नत किस्म के बीज और हाल ही में सिंचाई हेतु जियो टैंक उपलब्ध कराया गया है। प्रभारी उद्यान सचल दल केंद्र (रोशाल) तथा जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट सहित विभागीय टीम द्वारा निरंतर मौके पर पहुँचकर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

​वर्तमान में राजीव जोशी अपने बागान में नए पौधों का रोपण करने के साथ-साथ कीवी का नया बगीचा विकसित करने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आधुनिक तकनीकों, योजनाओं और स्थानीय युवाओं के समर्पण का यह समन्वय राज्य में रिवर्स माइग्रेशन को गति दे रहा है और ‘समृद्ध उत्तराखंड’ के संकल्प को धरातल पर साकार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *