100 से अधिक लोग बने अभियान का हिस्सा
Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून, 08 अगस्त(Big news today)
। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत लक्ष्मण चौक एवं कांवली रोड क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने प्रतिभाग करते हुए स्वयं स्वच्छता अभियान का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, नगर निगम, वेस्ट वॉरियर्स संस्था सहित विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान में 100 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग करते हुए क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों एवं नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान चिन्हित स्थलों पर समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही कूड़ा उठान एवं उसके वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि केवल अभियान के दौरान सफाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं निरंतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान संचालित किए जाएं तथा स्थानीय नागरिकों को भी इन अभियानों से जोड़ते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के मध्य बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आमजन की सक्रिय सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, प्रतिष्ठान एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई एवं जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही इसके उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस दिशा में निरंतर अभियान चलाए जाएंगे।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी ने स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन एवं नैतिक दायित्व का हिस्सा बनाकर ही हम अपने घर, मोहल्ले, शहर एवं राज्य को स्वच्छ रख सकते हैं। उन्होंने लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए सफाई कार्य किया गया तथा चिन्हित स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, वेस्ट वॉरियर्स संस्था से नवीन सडाना सहित जिला प्रशासन, नगर निगम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी- कर्मचारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



