Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए धामी सरकार की त्वरित कार्रवाई सराहनीय : रुचि भट्ट

Dehradun Uttarakhand






Consulting Editor: Mo Faheem ‘Tanha’

देहरादून, (By: Neha Goyal): सोशल मीडिया पर स्वयं को “पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी” नाम से प्रस्तुत करने वाले आरोपी द्वारा भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं के विरुद्ध की गई अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियों के प्रकरण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेंद्र सिंह की गिरफ्तारी किए जाने पर आज भाजपा महिला मोर्चा ने उत्तराखंड पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में आज बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कोतवाली डालनवाला, देहरादून पहुँचीं और पुलिस अधिकारियों से भेंट कर महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए की गई शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई हेतु उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए राज्य में कोई स्थान नहीं है। सोशल मीडिया पर महिलाओं के विरुद्ध अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने वालों को कानून के दायरे में लाकर सरकार ने यह सिद्ध किया है कि मातृशक्ति की गरिमा की रक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेशभर में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाई थी और पुलिस प्रशासन ने अत्यंत संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके लिए महिला मोर्चा उत्तराखंड पुलिस तथा संपूर्ण पुलिस प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करता है।

रुचि भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में कानून का राज स्थापित है और महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता लगातार दिखाई देती है। यह कार्रवाई उन सभी लोगों के लिए एक स्पष्ट संदेश है जो सोशल मीडिया की आड़ में महिलाओं का अपमान करने का प्रयास करते हैं। ऐसे किसी भी कृत्य को न तो समाज स्वीकार करेगा और न ही कानून।

उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा आगे भी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सदैव सजग रहेगा तथा किसी भी महिला-विरोधी मानसिकता का लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से दृढ़ता से सामना करेगा।

इस अवसर पर उपस्थित महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति संगठित है और महिलाओं के सम्मान पर किसी भी प्रकार का आघात अब बिना कानूनी कार्रवाई के नहीं छोड़ा जाएगा। महिला सम्मान सर्वोपरि है और उसकी रक्षा के लिए समाज तथा प्रशासन का यह समन्वय भविष्य में भी इसी प्रकार बना रहेगा। इस अवसर पर डॉ हिमानी वैष्णव, डॉ नेहा शर्मा, सुमन सिंह, बबली चौहान, पूनम शर्मा, नीलू साहनी, पूनम ममगाईं, डॉ दिव्या नेगी, मनोरमा काला, रानी सैनी समेत पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।