Consulting Editor: M. Faheem 'Tanha'
देहरादून। (Big News Today): राजधानी देहरादून में रविवार को उत्तराखंड जल संस्थान डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ का प्रांतीय अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेशभर से आए डिप्लोमा इंजीनियरों ने प्रतिभाग किया। अधिवेशन के मुख्य अतिथि उत्तराखंड जल संस्थान के प्रबंध निदेशक (सीजीएम) डी.के. सिंह रहे। उन्होंने अपने संबोधन में विभाग के सभी इंजीनियरों का प्रतिवर्ष स्वास्थ्य परीक्षण (मेडिकल चेकअप) कराने की घोषणा की तथा अधिवेशन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। …. (ख़बर नीचे जारी…)
इसके बाद संघ की नई प्रांतीय कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया शाम चार बजे प्रारंभ हुई। पहले आम सहमति से पदाधिकारियों के चयन का प्रयास किया गया, लेकिन नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए पंकज उपाध्याय, रेवत सिंह रावत और जयपाल चौहान के बीच मतदान कराया गया। कड़े मुकाबले में पंकज उपाध्याय ने 15 मतों से शानदार जीत दर्ज कर प्रदेश अध्यक्ष का पद हासिल किया।… (ख़बर नीचे जारी…)
वहीं, महासचिव पद पर यशवंत सिंह रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 35 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। उल्लेखनीय है कि यशवंत सिंह रावत इससे पूर्व उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ में मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। पंकज उपाध्याय इससे पहले गढ़वाल मंडल अध्यक्ष के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।… (ख़बर नीचे जारी…)
अधिवेशन की अध्यक्षता उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के गढ़वाल मंडल उपाध्यक्ष रेवत सिंह रावत एवं कुमाऊं मंडल उपाध्यक्ष ई. ललित मोहन रेठानी ने संयुक्त रूप से की। चुनाव अधिकारी के रूप में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र श्रीकोटी तथा महासंघ के गढ़वाल अध्यक्ष आशीष यादव उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में नई प्रांतीय कार्यकारिणी का निर्वाचन संपन्न कराया गया।… (ख़बर नीचे जारी…)
निर्वाचित प्रांतीय कार्यकारिणी में पंकज उपाध्याय को प्रदेश अध्यक्ष, ई. बहादुर सिंह कुवार्थी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, इं. यशवंत सिंह रावत को प्रांतीय महासचिव, इं. उज्ज्वल पेटवाल को प्रांतीय उपाध्यक्ष (गढ़वाल), परमानंद पुनेण को प्रांतीय उपाध्यक्ष (कुमाऊं), ई. भगत सिंह रावत को प्रांतीय कोषाध्यक्ष, संजय कुमार सैलवाल को लेखा परीक्षक, इं. राघवेन्द्र डोभाल को सचिव (प्रोन्नत), इं. प्रशांत राणा को उपसचिव (गढ़वाल), अशोक चंद्र नौटियाल को उपसचिव (कुमाऊं), दिनेश कोठारी को संगठन सचिव (गढ़वाल) तथा राहुल चौहान को संगठन सचिव (कुमाऊं) निर्वाचित किया गया।… (ख़बर नीचे जारी…)
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियरों ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर वे पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को सम्मान और उनके अधिकार सुनिश्चित किए जाएंगे तथा डिप्लोमा इंजीनियरों के हितों के लिए संगठन पूरी मजबूती से संघर्ष करेगा।… (ख़बर नीचे जारी…)
उन्होंने आश्वस्त किया कि अभियंताओं के लंबित कार्यों का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा और राजधानी सहित सभी जनपदों में विभागीय अभियंताओं को पूरा सहयोग देकर उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी।



