Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

कांग्रेस ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंक दर्ज किया विरोध

Dehradun Uttarakhand






देहरादून। लिस्ट्राबाद,रानीपोखरी, डोईवाला में प्रस्तावित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर प्रदेश सरकार की उदासीनता और जनभावनाओं की लगातार अनदेखी के विरोध में परवादून देहरादून  जिला कांग्रेस ने आज एस्ले हॉल चौराहे पर जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज किया।


इस दौरान परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा है कि बीते दिन मौके पर भारी पुलिस बल, जिला प्रशासन, वन विभाग के अधिकारी एवं क्षेत्रीय विधायक के पहुंचने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जब स्थानीय जनता ने अपनी जायज मांगों को लेकर सवाल उठाए, तो वहां मौजूद महिलाओं, बुजुर्गों एवं आंदोलनकारियों के साथ पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया।


उन्होंने कहा किउ आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर रायवाला थाने ले जाया गया। उनियाल ने कहा कि यह घटना डोईवाला के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज की जाएगी।


उनियाल ने कहा कि रानीपोखरी, डोईवाला में प्रस्तावित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह उदासीन बनी हुई है और जनभावनाओं की लगातार अनदेखी कर रही है।
उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2019 में आवंटित भूमि के उद्देश्य में किसी भी प्रकार का परिवर्तन किया गया, तो कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी और बड़े स्तर पर जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। पूर्व विधायक राजकुमार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना के साथ विधि विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर निर्णय नहीं लिया गया, तो क्षेत्र की जनता और कांग्रेस पार्टी मिलकर व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी।


पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को बेहतर शिक्षा के अवसर प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की स्थापना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को नजरअंदाज कर रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधि विश्वविद्यालय की भूमि को किसी अन्य कार्य में उपयोग करना जनभावनाओं के साथ सीधा अन्याय होगा, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।


इस दौरान डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की जनता पिछले 38 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रही है, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस द्वारा आंदोलनकारियों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के साथ किया गया व्यवहार बेहद निंदनीय है।


इस अवसर पर अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। इस दौरान पुतला फूंकने वालों में राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पॉल, सागर मनवाल, अश्विनी बहुगुणा, गुल मौहम्मद, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, पुनीत कुमार सिंह, डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मनमोहन शर्मा, सुनील थपलियाल, उमेद बोरा, सोमपाल वाल्मीकि, अर्जुन सोनकर, जितेंद्र कुमार, सुनील बांगा, प्रमोद कपरवान शास्त्री, मोहित कपरवान, शार्दुल नेगी, विनीत प्रसाद भट्ट, गौरव मल्होत्रा, अमित सैनी, इंद्रजीत सिंह, सुनील प्रधान, नंदन नेगी, राजेश पाल ,दीपू, अनूप सिंह रावत ,सुशील कुमार,अमन, सुरेश चंद, शुभम काम्बोज, कैलाश अग्रवाल आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *