Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

राहुल गांधी पर टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

Dehradun Uttarakhand






देहरादून। भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कंगना रनौत ने राहुल गांधी के लिए “टपोरी” जैसे अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया, जो न केवल एक संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं को भी ठेस पहुंचाता है।

ज्ञापन में कहा गया कि इस प्रकार की बयानबाजी से समाज में गलत संदेश जाता है और राजनीतिक संवाद का स्तर गिरता है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों पर रोक लग सके।

इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश प्रवक्ता दीप वोहरा, पार्षद अर्जुन सोनकर, पार्षद वीरेंद्र कुमार बिष्ट, पार्षद निखिल कुमार पूर्व पार्षद सुंदर सिंह पुंडीर और बिट्टू गुसाईं सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।