Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई कार: हादसे में चार युवकों की मौत

Dehradun Uttarakhand






देहरादून/हल्द्वानी. मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा हुआ है. मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास सोमवार को दिल्ली- लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में उत्तराखंड के हल्द्वानी के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. एक युवक गंभीर रूप से घायल है. घायल को मुरादाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे की वजह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की टक्कर बतायी जा रही है. सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त है. अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.


 मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे एसएचओ मोहित कुमार ने बताया कि क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर कार और ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली के भिड़ंत की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला. हादसा इतना भीषण था कि चार युवक अचेत थे. एक युवक गंभीर रूप से घायल था. आनन फानन में सभी को सामुदायिक केंद्र पहुंचाया गया. डाॅक्टर ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप रूप से घायल युवक को मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है.


  मूंढापांडे थाने के एसएचओ मोहित कुमार के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया कि उत्तराखंड के नैनीताल और हल्द्वानी के रहने वाले पांच युवक कार से दिल्ली की ओर जा रहे थे. मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास कार सामने चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ गई. टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी. सीएचसी मूंढापांडे की मेडिकल ऑफिसर डॉ. ईशा सिंह ने बताया कि पांच युवकों को यहां लाया गया था. सभी को मल्टीपल इंजरी थीं. चार युवक ब्रॉड डेड थे, जबकि एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ. चलते वाहन में चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई. तेज रफ्तार कार आगे चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई. ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.    

    मुरादाबाद पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर ली है. मृतकों में-
अनिल नेगी, निवासी हल्द्वानी
सुंदर सिंह, निवासी हल्द्वानी
भुवन भंडारी, निवासी हल्द्वानी
दयाल सिंह, निवासी हल्द्वानी
घायल युवक का नाम यशदीप पांडे, निवासी हल्द्वानी बताया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *