Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

कोटद्वार के दीपक की सुरक्षा के लिए ADG से मिलकर लगाई गुहार

Uttarakhand


BIG NEWS TODAY

देहरादूनI उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था और हिन्दू रक्षा दल की ओर से कोटद्वार के दीपक कुमार को दी जा रही धमकियों को लेकर आज गुरुवार को उत्तराखंड इंसानियत मंच के प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी मुरुगेशन से मुलाकात की और कोटद्वार में शांति व्यवस्था कायम करने के साथ ही दीपक को सुरक्षा देने की भी मांग की है।

उत्तराखंड इंसानियत मंच के प्रेस नोट में कहा गया है कि वे कोटद्वार के बेहद संवेदनशील मामले को लेकर लगातार पुलिस महानिदेशक से मिलने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो पा रही है। 2 फरवरी को प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी की अनुपस्थिति में एडीजीपी धीरेन्द्र गुंज्याल से मुलाकात की थी और उन्हें पत्र दिया था। मंच की अफसोस जताया कि इतने संवेदनशील मामले पर भी पुलिस के अधिकारी नागरिक संगठन से मिलने में आनाकानी कर रहे हैं।

कथित हिन्दू रक्षा दल के पिंकी चौधरी और ललित शर्मा के धमकी भरे वीडियो सामने आने के बाद मंच की ओर से आज फिर से डीजीपी से मिलने का प्रयास किया गया। लेकिन उनके न मिलने पर एडीजीपी (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी मुरुगेशन से मुलाकात की गई। उन्हें एक पत्र भी सौंपा गया। इस पत्र में कथित हिन्दू संगठनों के धमकी भरे वीडियो पर तुरंत संज्ञान लेने और वीडियो जारी करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग की गई है। पत्र में यह भी कहा गया है कि ये लोग उत्तराखंड के सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचा रहे हैं और संविधानिक मूल्यों का भी खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं।

पत्र में इस बात पर भी नाराजगी जताई गई है कि 31 जनवरी को असामाजिक तत्वों द्वारा दीपक कुमार के जिम के बाहर किये गये हुड़दंग के बाद पुलिस ने जो रिपोर्ट दर्ज की हैं, उनमें दीपक कुमार और उनके साथी विजय रावत को नामजद किया गया है, जबकि हुड़दंगियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर अज्ञात लोगों के खिलाफ है। पत्र में कहा गया है कि हुड़दंगियों के चेहरे कई वीडियो में नजर आ रहे हैं। उनमें एक तो कोटद्वार नगर निगम का पार्षद भी है।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल डॉ. रवि चोपड़ा ने कहा कि 2 फरवरी के पत्र के बाद उन्हें उम्मीद थी कि अब कोटद्वार में इस तरह की कोई घटना नहीं होगी। लेकिन, असामाजिक तत्व लगातार स्थिति को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपर पुलिस महानिदेशक ने उन्हें बताया है कि वीडियो जारी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दायर कर दी गई है। एडीजी ने पौड़ी के एसएसपी को फोन करके आरोपियों को गिरफ्तार करने के भी आदेश दिये हैं। उन्होंने कहा कि एडीजी ने उन्हें यह भी आश्वासन दिया है कि दीपक कुमार की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल के डॉ. रवि चोपड़ा के साथ हरवीर सिंह कुशवाहा, हरिओम पाली, त्रिलोचन भट्ट और परमजीत सिंह कक्कड़ शामिल थे। उत्तराखंड महिला मंच ने भी उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था और कोटद्वार की घटना को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा।