देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट पर हुए जानलेवा हमले की कड़े शब्दों मंं निन्दा करते हुए इसे अभिव्यक्ति की आजादी तथा लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ पर हमला बताते हुए हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गणेश गोदियाल ने जय भारत टीवी चैनल के घायल पत्रकार हेम भट्ट के निवास पर पहुंचकर मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। हेम भट्ट ने अपने साथ हुए प्रकरण के बारे में गोदियाल को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जनहित के मुद्दे पर न्यूज़ दिखाने के चलते उन पर हमला किया गया तथा भविष्य में ऐसी न्यूज न चलाने की धमकी दी गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है तथा उत्तराखंड में आम आदमी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता और पत्रकारों को जनहित से जुडे मुद्दे उठाने पर इस प्रकार के हमलों का सामना करना पड़ रहा है यह स्थिति राज्य के लिए उचित नहीं है तथा कानून व्यवस्था की पूरी तरह से पोल खोलती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाय तथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाय


