Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

ग्राम पंचायत कोट बंगार में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन

Rudraprayag Uttarakhand


रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशों के क्रम में जनपद में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सरकार जन-जन के द्वार’ का सफल क्रियान्वयन निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत कोट बंगार में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी जखोली अनिल रावत द्वारा की गई। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान 30 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। उप जिलाधिकारी अनिल रावत ने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित एवं प्रेषित शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर के दौरान ग्राम पंचायत कोट बंगार में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने सूचना एवं सेवा स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ की विस्तृत जानकारी दी गई। लोगों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।