Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने लगातार साध रखा है राज्य निर्वाचन आयोग पर निशाना

Dehradun Delhi Haldwani Mussoorie Nainital Uttarakhand


प्रत्याशियों की जानकारी सूचना पट्ट पर ना लगाने का नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया

BIG NEWS TODAY (देहरादून/हल्द्वानी, 18 जुलाई 2025) । उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। विपक्ष पंचायत चुनाव की प्रक्रिया को लेकर विभिन्न मामलों में कई बार अपनी आपत्ति जता चुका है। एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाया कि, आयोग के निर्णयों, आचरण और व्यवहार से राज्य भर में ये माहौल बन गया है कि आयोग सरकार की शह पर काम कर रहा है और उसके अधिकारी हर कदम पर राज्य में निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया में गतिरोध पैदा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि, निर्वाचन आयोग निष्पक्ष चुनाव करने के उद्देश्य से लिए अपने पूर्व निर्णयों को भी लागू नहीं कर रहा है

एनडी तिवारी सरकार के समय जारी हुआ था आदेश

एक बयान जारी करके यशपाल आर्य ने कहा कि, राज्य गठन के बाद नारायण दत्त तिवारी जी की सरकार के समय 24 फरवरी 2003 में स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों को सम्पन्न कराने के उद्देश्य से तत्कालीन राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त दुर्गेश जोशी ने राज्य के समस्त जिला अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों को पत्र लिखकर आदेश जारी किया था। इस आदेश के अनुसार, त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों में नाम निर्देशन पत्र भरने वाले प्रत्येक प्रत्याशी के नाम निर्देशन पत्र के साथ उपलब्ध कराई गई सूचनाओं और शपथ पत्रों को संबंधित निर्वाचन अधिकारी अपने कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करेगा।

मतदाता कैसे तय करेगा प्रत्याशी सही या गलतः आर्य

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, आदेश में ही इस पत्र को जारी करने के उद्देश्य को स्पष्ट किया गया है, इन सूचनाओं के आधार पर ही सही प्रत्याशी के चयन हेतु निर्वाचक याने मतदाता अपनी राय बना सकेंगे और उम्मीदवार द्वारा सही या गलत जानकारियों का भी पता लग सकेगा । उन्होंने बताया कि, स्पष्ट आदेश के बाद भी अभी तक किसी भी जिले के निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्रों के साथ उपलब्ध कराई सूचना न तो सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की है और न ही किसी वेब साइट पर डाली है।

चुनाव अधिकारियों की चूक चिंतनीय बताई

यशपाल आर्य ने कहा कि, इस संबंध में लोकतंत्र के कुछ जागरूक प्रहरियों ने लिखित में राज्य निर्वाचन आयोग को कई बार शिकायत भी की है। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि, चुनाव के समय निर्वाचन अधिकारियों की यह अक्षम्य चूक अत्यंत चिंतनीय है और पंचायती लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वाली है।

अधिकारियों को करना चाहिए निर्देशिका का पालनः आर्य

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि, 2025 के पंचायत चुनावों को सम्पन्न कराने हेतु राज्य के सभी जिला अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई निर्देश पुस्तिका में इस आदेश को भी संकलित कर इन महत्वपूर्ण अधिकारियों को इसका पालन करने को कहा गया है। 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, अफसोस इस बात का है कि अभी सूचनाएं सार्वजनिक नहीं की गई हैं। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि चहेते प्रत्याशियों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से उनके द्वारा दी गई सूचनाएं छुपा कर उन्हें बचाना है।