Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

असिस्टेन्स प्रोफेसर मनोज सुंदरियाल हुए हाइवे पर दुर्घटना का शिकार, अस्पताल में हुई मौत से श्रीनगर से लेकर नरेंद्रनगर और देहरादून में भी लोग गमगीन

Uttarakhand


ऋषिकेश, 21 जुलाई 2021

उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन पहाड़ से चलती कार पर बोल्डर गिरने से कार सवार की मौत की घटना हुई है। आज गढ़वाल में बोल्डर गिरने से कार सवार मूलतः पत्रकार एवं नरेंद्रनगर डिग्री कॉलेज में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनोज सुंदरियाल की मौत हो गई है। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे डॉ. मनोज सुंदरियाल ऋषिकेश से पौड़ी जा रहे थे कि अचानक ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर तोता घाटी व सौणपाणी के बीच में पहाड़ी से एक बोल्डर उनकी कार पर पीछे के हिस्से में गिरा।

हादसे के बाद आगे बैठे उनके बड़े भाई पंकज और चालक तो बाहर निकल आए पर पीछे बैठे मनोज कुचली हुई कार में फंसे रहे। इस दौरान ऋषिकेश की ओर जा रहे सेना के जवानों ने रुक कर कटर से कार की छत व दरवाजे काटकर किसी तरह मनोज को बाहर निकाला और 108 आपातकालीन सेवा की मदद से एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। कार में सवार उनके भाई को भी चोट आई है। उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि ऋषिकेश बद्रीनाथ हाईवे पर इन दिनों ऑलवेदर रोड प्रोजेक्ट अंतर्गत सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इस दौरान बारिश लगातार होने के कारण पहाड़ी से पत्थर गिर रह रहे है। इस दौरान बोल्डर खिसका और कार पर गिर गया। सेना के जवानों ने कार को काट कर घायल व मृतक को बाहर निकाला