Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

राज्य का राजस्व बढ़ौत्तरी के लिए कई बिंदुओं पर मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

Dehradun Delhi Uttarakhand


देहरादून। Big News Today उत्तराखंड की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए राजस्व वसूली को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई निर्देश दिए हैं। राजस्व वृद्धि के लिए सभी विभाग सजगता और पूरी सक्रियता से कार्य करें। इस वर्ष निर्धारित राजस्व प्राप्ति के लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करें। राजस्व अर्जन के लिए सभी विभाग इनोवेटिव प्रयास करें, इसके लिए ऑनलाइन सिस्टम को और मजबूत किये जाने की दिशा में विशेष ध्यान दिया जाए। बैठकों में जो निर्णय लिए जा रहे हैं, अगली बैठक होने से पूर्व उन निर्णयों की एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। यह निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में राजस्व प्राप्ति के सम्बंध में बैठक लेते हुए अधिकारियों को दिये हैं। मुख्यमंत्री की इस समीक्षा बैठक में मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल भी शामिल हुए।

जीएसटी राजस्व बढ़ाने को टैक्स चोरी करने वालों पर हो सख्त कार्यवाईः धामी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि परिवहन, खनन, जीएसटी आदि क्षेत्रों में गहन निगरानी रखने के लिए ऑनलाइन सिस्टम को और बेहतर बनाया जाए। जीएसटी राजस्व बढ़ाने के लिए टैक्स चोरी करने वालों पर सख्त कारवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण नदियों का जल स्तर खतरे के निशान के आस-पास देखते हुए बाढ़ की स्थिति से बचाव के लिए सिंचाई विभाग द्वारा ठोस कार्ययोजना बनाए।

फोटो.1- राजस्व बढ़ौत्तरी की बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल

पर्वतीय क्षेत्रों में निवेश के सैक्टर तलाशने के सीएम ने डीएम को दिए निर्देश – मुख्यमंत्री ने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में गंभीर प्रयासों की जरुरत पर बल दिया है। कहा कि राज्य में होने वाले इन्वेस्टर समिट में निवेशकों को पर्वतीय क्षेत्रों में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। धामी ने सभी डीएम से कहा कि अपने जनपदों में देखें कि किस-किस क्षेत्र में निवेश की अधिक संभावनाएं हैं। प्रदेश का समग्र विकास हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।  

फोटो.2- राजस्व बढ़ौत्तरी की बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल

देहरादून सहित चार जनपदों में राजस्व वसूली तेज करने के निर्देश– मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि राजस्व वसूली की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, इसके लिए पोर्टल विकसित किया जाए। इससे विभिन्न विभागों द्वारा दिये गये राजस्व वसूली के डाटा एवं राजस्व परिषद में राजस्व वसूली के डाटा में जो अंतर दिख रहा है, उस समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंहनगर एवं नैनीताल जनपद में राजस्व वसूली में और तेजी लाए जाने की आवश्यकता है। 

फोटो.3- राजस्व बढ़ौत्तरी की बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल

बिजली विभाग में राजस्व बढ़ाने को बिजली चोरी रोकना फोकस में– मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में यूपीसीएल एवं यूजेवीएनल को राजस्व बढ़ाने की दिशा में विशेष प्रयासों की जरूरत है। बिजली चोरी संभावित क्षेत्रों में लगातार सतर्कता रखने एवं उच्च औद्योगिक मांग वाले क्षेत्रों में बिलिंग दक्षता बढ़ाने पर ध्यान रखें। वन सम्पदाओं से राजस्व वृद्धि के प्रयास किये जाएं। कहा कि जड़ी-बूटियों के संरक्षण एवं सतत विकास के लिए दीर्घकालिक योजना को ध्यान में रखकर कार्य किये जाएं।

 बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधू, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, दिलीप जावलकर, अरविंद सिंह ह्यांकी, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, नई दिल्ली में उत्तराखंड के स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा एवं वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे।