Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

उत्तराखंड में बसों का संचालन ठप, दिल्ली से देहरादून जाने वाले यात्री परेशान

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टुडे: उत्तराखंड रोडवेज की बसों का संचालन शुक्रवार को ठप है। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, कोटद्वार और श्रीनगर डिपो से अब तक किसी बस का संचालन नहीं हुआ।

दिल्ली, चंडीगढ़, सहारनपुर, मेरठ, फरीदाबाद, गुरुग्राम, अम्बाला, बरेली, मुरादाबाद समेत सभी लंबी दूरी के मैदानी मार्गों पर भी बस संचालन ठप है। यात्रियों को उत्तर प्रदेश की रोडवेज बसों में यात्रा करनी पड़ रही है। देहरादून के आइएसबीटी में उत्‍तराखंड रोडवेज की सभी बसों का संचालन बंद हैं।

परिवहन निगम के संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर चक्का जाम के चलते रुड़की से दिल्ली देहरादून व अन्य शहरों को जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय बड़ी संख्या में यात्री बस अड्डे पर बसों का इंतजार करते रहे। वहीं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में बाइपास से चलने वाली बसों को भी अब शहर के अंदर से जाने के निर्देश दिए हैं, जिसके चलते यात्रियों को थोड़ी राहत मिली है।

संयुक्त मोर्चा की ओर से 13 सूत्री मांगों को लेकर पिछले दिनों परिवहन निगम के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन दिया था। वार्ता नहीं होने के चलते शुक्रवार सुबह से ही रुड़की बस अड्डे पर बसों का संचालन पूरी तरह से ठप कर दिया गया। रुड़की डिपो से पहली बस सुबह 4:00 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती है, लेकिन शुक्रवार को कोई भी बस नहीं चल पाई है, जिसकी वजह से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सबसे परेशानी का सामना करना पड़ा है।