Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

शिक्षक की मौत के 4 साल बाद हुआ ट्रांसफर, शिक्षामंत्री ने अधिकारियों को लगाई फटकार, जांच के निर्देश

Uttarakhand


रुद्रप्रयाग (Big News Today)

रूद्रप्रयाग जनपद में प्राथमिक शिक्षा विभाग में करीब 4वर्ष पूर्व स्वर्गीय हो चुके एक टीचर का ट्रांसफर हो गया है। मृतक शिक्षक के ट्रांसफर आदेश होने से पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मृतक शिक्षक का तबादला किये जाने पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने सख्त रूख अपनाते हुए विभागीय अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की है। डॉ. धनसिंह रावत ने सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों की खबरों का संज्ञान लेते हुये महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को मामले में समिति गठित कर तत्काल जांच के निर्देश दिये। विभागीय मंत्री ने इस प्रकरण को घोर लापरवाही मानते हुये संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश महानिदेशक शिक्षा को दिये हैं।
महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बंशीधर तिवारी को तत्काल विभागीय समिति गठित कर तीन दिन के भीतर जांच करने कराने के साथ ही लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि मृतक शिक्षक की मौत के चार साल बाद तबादला किया जाना जिम्मेदार अधिकारियों की भारी लापवाही को दर्शाता है। जो कि बर्दाश्त किये जाने योग्य नहीं है। डॉ0 रावत ने कहा इस प्रकरण की गंभीरता से जांच की जायेगी और जांच में जो भी दोषी पाये जायेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। विभागीय मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि स्थानांतरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापवाही न बरते अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाई अमल में लाई जायेगी।