Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

सांसद नरेश बंसल ने लिंगानुपात घटने पर जतायी चिन्ता

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि कोरोना काल में डाक्टरों ने मानवता को बचाने की बड़ी मुहिम लड़ी। डाक्टरों और उनकी टीम ने एक अदृश्य वायरस से लड़ते हुए अपनी जान की परवाह भी नहीं की। ऐसे डाक्टर्स का नागरिक अभिनंदन किया जाना सराहनीय है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि डाक्टर भ्रूण परीक्षण न करें ताकि लिंगानुपात को घटने से रोका जा सके। सांसद नरेश बंसल हरिद्वार रोड स्थित एक जलपान गृह परिसर में नेशनल डाक्टर्स डे पर आयोजित रक्तदान और सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने डाक्टरों से अपील की कि मानवता के नाते गरीब मरीजों को भी पूरी तवज्जो दें। इस कार्यक्रम का आयोजन विचार एक नई सोच, रंत-रैबार, आकाश ज्ञान वाटिका, बदरी केदार सांस्कृतिक समिति, उत्तरजन टुडे सेंचुरियन क्लब और अमोलाज ने किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद नरेश बंसल ने डाक्टरों के योगदान की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कोरोना में डाक्टरों के योगदान की सराहना की और जनता से अपील की कि सिंगल यूज्ड प्लास्टिक का उपयोग न करें।  टिहरी के विधायक किशोर उपाध्याय ने प्रदेश के सभी डाक्टर्स को डाक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जतायी कि ग्रामीणों को भी सस्ता और अच्छा इलाज मिलेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के प्रख्यात फिजिशियन डा. एसडी जोशी ने की। इस मौके पर राज्य आंदोलनकारी जयदीन सकलानी ने जनगीत गाया। कार्यक्रम के आयोजक राकेश बिजल्वाण ने कहा कि कोरोना काल में डाक्टरों का उल्लेखनीय योगदान रहा। कई डाक्टरों ने रात-दिन मरीजों की सेवा की और अपना जीवन जोखिम पर रखा। ऐसे डाक्टरों का सम्मान करने के लिए इसका आयोजन किया गया था।