Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

कांग्रेस के रुड़की सीट के प्रत्याशी ने लगाया पार्टी नेताओं पर भीतरघात करने का आरोप

Dehradun Uttarakhand


रुड़की/देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री और रुड़की सीट से पार्टी प्रत्याशी रहे यशपाल राणा ने कहा कि जनता के बीच रहकर वह जनहित के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने चुनाव में भितरघात किया। हाईकमान को इस बात को लिखित में दे दिया गया है।
पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश कौशिक के कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि रुड़की की जनता ने उन्हें करीब 35 हजार वोट दिए। इसके लिए वह जनता का आभार जताते हैं। जहां गलती हुई उसे दूर किया जाएगा। जिसने साथ दिया उसका भी आभार जताया और जिसने वोट नहीं दिया उसके प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
यशपाल राणा ने कहा कि जनता के बीच रहकर ही राजनैतिक व्यक्ति आगे बढ़ सकता है। वह लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते रहेंगे। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि खुद को वरिष्ठ नेता बताने वाले कई लोग चुनाव में नहीं आए। वह दूसरी सीटों पर प्रचार के लिए गए। किसी भी पार्टी के लिए यह महत्वपूर्ण है कि उसके नेता और कार्यकर्ता अपना बूथ जिताएं। जो चुनावी राजनीती की बात करते हैं उन्हें पहले अपने वार्ड का चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भितरघात करने वालों का नाम उन्होंने पार्टी हाईकमान को लिखित में दिया है।
चुनाव पार्टी का काम था, उनके पुत्र की शादी नहीं थी कि वह किसी को निमंत्रण देने जाते। कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी जिसे भी टिकट देगी उसके लिए मजबूती से काम किया जाएगा। कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष चयन में हो रही देरी पर उन्होंने कहा कि यह विषय आलाकमान का है। भाजपा सरकार शपथ लेने के बाद अब तक मंत्रियों को विभाग तक नहीं बांट पायी। पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश कौशिक ने कहा कि यशपाल राणा ने बहुत मजबूती से चुनाव लड़ा। भितरघात करने वालों पर पार्टी को कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष बिट्टू शर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव सूरज नेगी, उज्जवल आदि मौजूद रहे।