Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

विधानसभा के चुनावी घमासान में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली वर्चुअल रैली 31 जनवरी को होगी

Delhi


नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनावी घमासान में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उतरने जा रहे हैं। चुनाव की घोषणा होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 31 जनवरी को वर्चुअल रैली करने जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली वर्चुअल रैली होगी। इस रैली के जरिए पीएम मोदी उन विधानसभा सीटों के मतदाताओं को संबोधित करेंगे, जहां पहले चरण के तहत 10 फरवरी को मतदान होना है।

 जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी को अपनी पहली वर्चुअल रैली के दौरान पीएम मोदी गौतमबुद्ध नगर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और सहारनपुर जिले की 21 विधानसभाओं के मतदाताओं को संबोधित करेंगे। इसे लेकर पार्टी ने जोर-शोर से तैयारी शुरू कर दी है। लगभग 100 विभिन्न स्थानों पर एलईडी वैन और बड़ी-बड़ी स्क्रीनों के जरिए भाजपा प्रधानमंत्री के भाषण को मतदाताओं तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। हालांकि नमो एप और अन्य डिजिटल एवं वर्चुअल माध्यमों के जरिए भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के भाषण को पहले चरण के चुनाव वाले सभी 11 जिलों के मतदाताओं तक पहुंचाने की तैयारी भी कर रही है।

कोविड को लेकर चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए भाजपा प्रधानमंत्री मोदी की इस वर्चुअल रैली के जरिए सीधे तौर पर 50 हजार के लगभग और वर्चुअली 10 लाख से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी कर रही है।