Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

दिल्ली से विदा होगा मानसून, लेकिन यहां होती रहेगी बारिश, जानिए आपके राज्य के लिए क्या है अपडेट

Uttarakhand


( Big News Today)

बीते कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व आसपास के इलाकों के ऊपर छाए मानसूनी बादल विदा होने वाले हैं। रविवार से यहां मौसम भी साफ होने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार तक दिल्ली-एनसीआर में आसमान पूरी तरह साफ होने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए उत्तर पूर्व में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है, यहां बिजली गिरने की आशंका है।

इसके अलावा आज अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों में उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भी भारी बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे के अंदर दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में एक एंटी-साइक्लोन प्रणाली बनेगी, जिसके चलते राजस्थान, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलना शुरू होंगी और वातावरण में नमी में कमी आएगी। वैज्ञानिकों का कहना है कि 30 सितंबर से एक अक्तूबर तक दिल्ली-एनसीआर से पूरी तरह मानसून विदा होने की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। चंबा जिले की धिमला पंचायत के बकाणी नाले में रविवार को बाढ़ आने से महिला समेत तीन लोग बह गए। वहीं सोलन के बरोटीवाला में दसोरा माजरा स्थित एक कंपनी में ड्यूटी पर जा रहा सुरक्षा कर्मी बिलासपुर का रहने वाला रणजीत सिंह खड्ड में बह गया। प्रदेश के कई क्षेत्रों में सोमवार को भी भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 29 सितंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार हैं।

उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटे में छह जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। भारी बारिश के मद्देनजर आपदा प्रबंधन के लिहाज से बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से अगले 24 घंटे में देहरादून, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी में बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।