Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

पूर्व सीएम त्रिवेंद्र ने प्राकृतिक आपदा में मारे गये पीड़ित परिवारों को बंधाया ढांढस, गांव के आपदा से पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका हालचाल जाना, हर संभव मदद का दिया भरोसा

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पिछले महीने माल देवता और सरखेत में आई भारी आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस भयंकर आपदा में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलकर उनके दुख को साझा किया। पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि इस भीषण आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए वे हर समय उनके साथ खड़े हैं और उनको राहत देने के लिए वे सरकार से मिलकर हर संभव कोशिश करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शुक्रवार सुबह ही देहरादून जिले से सटे टिहरी जिले के जौनपुर पट्टी के राजेंद्र सिंह राणा के घर पर पहुंचे। राजेंद्र सिंह राणा की पत्नी सहित पिछले महीने सरखेत मालदेवता में भीषण आपदा आने पर मौत हो गई थी। राजेंद्र सिंह राणा का शव करीब 6-7 दिन बाद मलबे से निकाला जा सका। जबकि उनकी पत्नी अनिता देवी का अभी तक शव नहीं मिल सका। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सुबह ही स्वर्गीय राजेंद्र सिंह राणा के जैंतवाड़ी गांव पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिया। राणा के परिवार में उनकी बुढी माता और उनके छोटे बच्चों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने छोटे बच्चों की शिक्षा के लिए व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया। 

इसके बाद पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने चिफल्टी गांव में भारी बारिश से आई आपदा से नुकसान का जायजा लिया। इस गांव के सुरेंद्र सिंह की भी सरखेत में आई भीषण आपदा के दौरान मौत हो गई थी। वहां से पूर्व सीएम ने टिहरी जिले के सीतापुर में आई भीषण आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और पीड़ितों को आश्वस्त किया कि उन्हें राहत देने के लिए सरकार से मिलकर वे पूरा प्रयास करेंगे। माल देवता में आई आपदा से नुकसान को भी उन्होंने देखा। इस दौरान पीड़ित परिवार की महिलाओं ने पूर्व सीएम से राहत और मदद की गुहार लगाई। पूर्व सीएम ने उन्हें हर मुमकिन सहायता का भरोसा दिया। इस दौरान उनके साथ जिलाध्यक्ष भाजपा शमशेर सिंह पुंडीर, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री शमशेर सिंह सत्याल, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप सिंह, कोकलिया ग्राम पंचायत के प्रधान सुमन सिंह, जिला पंचायत सदस्य आशा देवी, पटवारी नरेश उनियाल आदि मौजूद रहे।