भराड़ीसैंण (चमोली). आज ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की भराड़ीसैंण विधानसभा में पांच दिवसीय बजट सत्र का तीसरा दिन है. 38 वें राष्ट्रीय खेलों के भव्य आयोजन के बाद प्रदेश की धामी सरकार जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं के और विस्तार में जुट गई है। इस क्रम में प्रदेश के हर ब्लाक में अब मिनी स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बजट सत्र के तीसरे दिन सदन को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर ब्लाक में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में प्रावधान किया गया है.
सदन में पुलिस ग्रेड पे का प्रकरण भी उठा। उप नेता सदन भुवन कापड़ी ने कहा, पुलिस कांस्टेबल की 10 साल की सेवा पर 2400, 20 साल की सेवा पर 2800 और 30 साल की सेवा पर 4600 ग्रेड पे दिया जाना था। सरकार की ओर से वादा किया गया था कि यूपी की तर्ज पर उत्तराखंड में पुलिस को ग्रेड पे दिया जाएगा, जो नहीं दिया गया। काजी निजामुद्दीन ने विधानसभा सत्र में डयूटी पर लगे पुलिस जवानों के रहने, खाने और सोने की उचित व्यवस्था न होने का आरोप लगाया।
संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल ने कहा, पुलिस कांस्टेबल के लिए 10 साल की सेवा पर 2400, 20 साल की सेवा पर 2800 और 30 साल की सेवा पर 4200 ग्रेड पे का प्रावधान है.खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा, हल्द्वानी में जल्द ही हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने आगामी बजट में प्रावधान किया है। निर्माण के लिए सभी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विश्वविद्यालय के अधीन ही हल्द्वानी स्टेडियम को शामिल किया जाएगा. विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने सदन में कहा, कार्यमंत्रणा समिति से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व विधायक प्रीतम सिंह का इस्तीफा मंजूर नहीं किया है, जिससे दोनों सदस्य कार्यमंत्रणा समिति के वर्तमान में भी सदस्य है.


