
ऊधमसिंहनगर (Big News Today)

‘भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा’ के तहत कांग्रेस की बाजपुर और जसपुर में निकली तिरंगा यात्रा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, जसपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व सांसद महेंद्र पाल सहित बड़ी तादाद में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता समर्थक भी शामिल हुए। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में सभी धर्म, संप्रदाय, सभी वर्गों को एक सूत्र में बांधने के लिए 9 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे देश में पदयात्रा निकाल रही है।

बाजपुर में तिरंगा यात्रा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का अभिनन्दन भी किया गया, यशपाल आर्य इसी सीट से विधायक भी हैं। भारत जोड़ो तिरंगा रैली में नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य भी शामिल हुए।

नेता प्रतिपक्ष आर्य ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों को नमन किया और कहा है कि ‘भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा’ देश से नफरत को मिटाएगी और सदभाव को बढ़ाएगी। उन्होंने अभूतपूर्व स्वागत और अभिनंदन के लिए बाजपुर के सभी साथियों और जनता का आभार भी प्रकट किया।

जसपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 75 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ नगर के मुख्य मार्गों पर भारत जोड़ो तिरंगा पदयात्रा निकाली। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत रावत एवं विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए।

देशभक्ति गीतों की धुनों पर नगर के ठाकुरद्वारा बस स्टैंड, मोहल्ला जोशियान, होली चौराहा, सुभाष चौक, लकड़ी मंडी चौराहा, गांधी आश्रम, ठाकुर मंदिर चौक, धर्मकांटा अफजलगढ़ रोड होकर हीरा गार्डन तक पदयात्रा निकाली।

इस दौरान युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव नईम प्रधान, मो. आरिफ, डॉ. एमपी सिंह, राहुल गहलोत, आफताब अंसारी, मोइनुद्दीन मलिक, सर्वेश चौहान, शाहनवाज प्रधान, खेम सिंह प्रधान, इख्तियार अहमद बबलू आदि रहे।