Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

सविता कंसवाल ने माउंट एवरेस्ट के बाद माउंट मकालू पर सफल आरोहण कर बनाया नेशनल रिकॉर्ड

Dehradun Uttarakhand Uttarkashi


उत्तरकाशी/देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। उत्तरकाशी के लोंथरु गांव निवासी पर्वतारोही सविता कंसवाल ने माउंट एवरेस्ट के बाद 15 दिन के अंदर माउंट मकालू पर सफल आरोहण कर नेशनल रिकॉर्ड बनाया है। उनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
सविता कंसवाल ने 12 मई को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848.86 मीटर) पर तिरंगा फहराया था। उनके कदम यहीं नहीं रुके। इसके बाद उन्होंने माउंट मकालू (8463 मीटर) पर आरोहण किया। 15 दिन के अंदर दोनों पर्वतों पर आरोहण कर उन्होंने नया नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया। चार बहनों में सबसे छोटी सविता (25) का जीवन संघर्षपूर्ण रहा है। सरकारी स्कूल से पढ़ीं सविता ने 2013 में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) उत्तरकाशी से पर्वतारोहण का बेसिक कोर्स किया।
सविता ने एडवांस और सर्च एंड रेस्क्यू कोर्स के साथ पर्वतारोहण प्रशिक्षक का कोर्स भी किया। सविता नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की एक कुशल प्रशिक्षक भी हैं। सविता की सफलता पर निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट, पर्वतारोही विष्णु सेमवाल, माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, अजय पुरी, शैलेंद्र नौटियाल, माधव जोशी आदि ने खुशी जताई है। सविता इससे पूर्व त्रिशूल पर्वत (7120 मीटर), हनुमान टिब्बा(5930 मीटर), कोलाहाई (5400 मीटर), द्रौपदी का डांडा (5680 मीटर), तुलियान चोटी (5500 मीटर), दुनिया की चौथी सबसे ऊंची चोटी माउंट ल्होत्से (8516 मीटर) पर सफल आरोहण कर चुकी हैं।