Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

आशारोड़ी में पेड़ काटे जाने के विरोध में सड़क पर उतरे विभिन्न संगठन व पर्यावरण प्रेमी

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के लिए दून के आशारोड़ी में साल समेत अन्य बहुमूल्य पेड़ काटे जाने का दून के पर्यावरण प्रेमियों के साथ ही तमाम संगठनों ने विरोध तेज कर दिया है। दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे आशारोड़ी में जंगल काटे जाने का विरोध करने के लिए देहरादून की तमाम संस्थाएं और बड़ी संख्या में आम लोग रविवार को आशारोड़ी पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में देश के प्रसिद्ध पर्यावरणविद् रवि चोपड़ा, हिमांशु अरोड़ा भी शामिल हुए।
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए मोहंड और आशारोड़ी में लगभग 22000 पेड़ काटे जा रहे हैं। पिछले दिनों आशारोड़ी में पेड़ों का कटान शुरू होने के साथ ही देहरादून के लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। यहां की सामाजिक संस्थाएं हर रोज यहां जंगलों पर नजर रखे हुए हैं। विरोध प्रदर्शन के बाद से आशारोड़ी में नए पेड़ काटने का सिलसिला थमा है, लेकिन भविष्य में सभी पेड़ काटे जाने की संभावना को देखते हुए लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। रविवार को किए गए प्रदर्शन में इस विरोध की अगुवाई कर रहे देहरादून की संस्था सिटीजन फॉर ग्रीन देहरादून के अलावा एसएफआई, उत्तराखंड महिला मोर्चा, हिंद स्वराज, द अर्थ एंड क्लाइमेट चेंज इनीशिएटिव, भारत की जनवादी नौजवान सभा,आगास, पराशक्ति, अखिल गढ़वाल सभा, राज्य आंदोलनकारी मंच प्रमुख आदि संस्थाओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में जंगल काटने के विरोध वाली तख्तियां ली हुई थी। वे लगातार नारेबाजी कर रहे थे और जनगीत गा रहे थे। प्रदर्शन के दौरान जनरंग और एसएफआई की ओर से मुक्ति का मार्ग नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जंगल बचाने और धरती की सुरक्षा करने का संदेश दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने जंगलों को बचाने और जरूरत से ज्यादा प्रकृति का दोहन न करने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर एस एफ़ आई राज्य सचिव हिमांशु चौहान, शैलेन्द्र परमार ,नौजवान सभा से सत्यम, कलाकार व वरिष्ट पत्रकार त्रिलोचन भट्ट ,राज्य आंदोलनकारी जयदीप सकलानी,  ज्योत्सना, मृदुला, पीयूष, आदि शामिल रहे।