तीन दशक बाद नांगल सोती में गंगा नदी पर पुल निर्माण स्वीकृत, यूपी की जगह उत्तराखंड सरकार बनाएगी

Bijnor Dehradun Delhi Haridwar Lucknow Moradabad Najibabad Saharanpur Uttarakhand


BIG NEWS TODAY : नजीबाबाद। (Report: मुकेश सिन्हा) आखिरकार तीन दशक की नांगल सोती में गंगा नदी पर पुल बनाने की मांग को उत्तर प्रदेश सरकार पूरा नहीं कर पाई लेकिन उत्तराखंड सरकार के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुल निर्माण की गई घोषणा कर उपेक्षित क्षेत्र की जनता का दिल जीत लिया। नांगल सोती में गंगा नदी पर पुल निर्माण कर नजीबाबाद नगर को सीधे हरिद्वार -रूडकी मार्ग से जोड़ने वाली मांग पुल निर्माण संघर्ष समिति नांगल सोती के संयोजक सुभाष चन्द पूर्व ग्राम प्रधान व सह संयोजक मुकेश सिन्हा तीन दशक से डीएम से लेकर सीएम, विधायक से लेकर सांसद, लोनिवि व पर्यटन मंत्री से लेकर सड़क परिवहन मंत्री व प्रधानमंत्री तक उठा चुके हैं।

वर्ष 2016 में गंगा नदी पर पुल निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने सर्वे भी कराया था तब 200 करोड़ का आकलन किया गया था लेकिन राजनैतिक कारणों से उत्तर प्रदेश सरकार ने नांगल सोती की जगह बालावाली में 49 करोड़ का पुल स्वीकृत कर दिया। नगीना सांसद डा यशवंत सिंह ने तो पुल निर्माण को बड़ा काम बताते हुए इस मांग को पूरा कराने में असमर्थता व्यक्त कर दी थी। नजीबाबाद विधायक तसलीम अहमद ने भी विधानसभा में पुल की मांग कर अपने दायित्व निभा दिया था। लेकिन पुल निर्माण संघर्ष समिति नांगल सोती को नजीबाबाद के आरटीआई कार्यकर्ता मनोज शर्मा ने समर्पित सहयोग किया और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सरकार के साथ केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय तक इस पुल की मांग को पहुंचायाI

लगातार दोनों ओर से किए गये इन प्रयासों को समाचार पत्रों व सोशल मीडिया पर भी उठाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस पुल के लिए कोई रूचि नहीं ली तो केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय से कुछ आस थी नजीबाबाद -हरिद्वार राष्ट्रीय मार्ग से मंडावली गांव से नांगल सोती गंगा नदी पर पुल निर्माण कर हरिद्वार – रूड़की राष्ट्रीय मार्ग को जोड़ते हुए नया राष्ट्रीय मार्ग विकसित किया जाए।

इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री मंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद की लक्सर विधानसभा व उत्तर प्रदेश की नजीबाबाद विधानसभा के नांगल सोती को जोड़ने के लिए पुल निर्माण की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश पर उत्तराखंड शासन के उप सचिव हीरा सिंह बसेड़ा ने लोनिवि के सचिव को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 569/2024 से अवगत कराते हुए वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए शासनादेश जारी करने व पुल निर्माण का बजट आंकलन व अन्य आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार लक्सर विधानसभा के ग्राम रायपुर रायघटी के खसरा नंबर 291 को पुल के लिए चिंहित किया गया है जहां से पुल गंगा नदी पार कर नांगल सोती के पास उतरेगा। जिससे नजीबाबाद नगर को सीधे हरिद्वार -रूडकी मार्ग से जुड़ने का लाभ नजीबाबाद नगर को ही नहीं पौड़ी गढ़वाल, कुमायूं व मुरादाबाद जनपद सहित पूर्व के जनपदों को मिलेगा। गंगा नदी पुल निर्माण संघर्ष समिति नांगल सोती के संयोजक सुभाष चंद्र व सह संयोजक मुकेश सिन्हा सहित आरटीआई कार्यकर्ता मनोज शर्मा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुल निर्माण की घोषणा का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया है।