Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

वर्ष 2003 की मतदाता सूची से की जा रही वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग

Uttarakhand


देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में आज सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान दलों के प्रतिनिधियों के साथ आगामी SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण), बीएलओ आउटरीच अभियान,बूथ लेवल एजेंट्स की शत प्रतिशत नियुक्ति के सम्बंध में विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी एसआईआर की तैयारियों को लेकर पूरे प्रदेश में बीएलओ द्वारा आउटरीच अभियान के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है। वर्तमान में प्रदेश में 79 प्रतिशत मैपिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में बीएलए के सहयोग से मैपिंग प्रक्रिया और तेजी से की जा सकती है। उन्होंने इस संबंध में सभी से सहयोग की अपील की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में राजनीतिक दलों द्वारा 15437 बूथ लेवल एजेंट्स की नियुक्ति की जा चुकी है, जिसमें भाजपा द्वारा 7165, कांग्रेस द्वारा 7968, बीएसपी द्वारा 117, सीपीआई (एम) द्वारा 187 बीएलए नियुक्त किए गए हैं । इसके अतिरिक्त आप और एनपीपी द्वारा अभी एक भी बीएलए नियुक्त नहीं किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से फरवरी माह तक शत प्रतिशत बीएलए नियुक्त करने की अपील की। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी  प्रकाश चंद्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी  किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी  मस्तू दास सहित बीजेपी से  राजकुमार पुरोहित,  विरेंद्र वल्दिया, कांग्रेस पार्टी से मनोज रावत, अमेंद्र बिष्ट, सीपीआई (एम) से  अनंत आकाश, बीएसपी से  सुरेंद्र जजारिया उपस्थित रहे।