Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

सभी जिला अस्पतालों में छह माह के भीतर सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं और उनके चिकित्सक होंगे उपलब्ध : स्वास्थ्य मंत्री

Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: प्रदेश में सभी जिला अस्पतालों में छह माह के भीतर सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं और उनके चिकित्सक उपलब्ध होंगे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। विभागीय समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने बताया कि 16 व 17 अप्रैल को सभी हेल्थ व वेलनेस सेंटरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्री ने जिला अस्पतालों में व्यवस्थाएं मुकम्मल बनाने के लिए अधिकारियों को एक साल की मोहलत दी है। इसके तहत प्रथम चरण में अस्पतालों में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे मशीन, पैथालॉजी जांच की व्यवस्था करने के साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। दूसरे चरण में उप जिला अस्पतालों एवं ब्लॉक स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पैथोलॉजी जांच और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता के साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है।

सभी जिला मुख्यालयों, नगर निकायों एवं ब्लॉकों में 18 अप्रैल से 23 अप्रैल तक स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। डॉ. रावत ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चाकचौबंद करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिए गए हैं। स्वास्थ्य मेलों में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ यूनिक हेल्थ आईडी और आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। बैठक में सचिव स्वास्थ्य डॉ. पंकज पांडेय, मिशन निदेशक एनएचएम सोनिका, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा आशीष श्रीवास्तव, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. तृप्ति बहुगुणा, निदेशक चिकित्सा डॉ. शैलजा भट्ट, डॉ. विनीता शाह, डॉ. सरोज नैथानी, डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक खजान पांडे मौजूद रहे।