Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

राहुल गांधी की रैली को भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया फ्लॉप शो

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। राजधानी देहरादून में हुई कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली को उत्तराखंड भाजपा ने फ्लॉप शो करार दिया है।  भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने कांग्रेस की इस रैली को भाजपा की रैली से छोटा बताया और कहा कांग्रेस ने केवल ग्राउंड को सीमित कर दिया था, जिसकी वजह से वह अपनी रैली को बड़ा बता रहे हैं। वहीं, मदन कौशिक ने राहुल गांधी के भाषण को लेकर कुछ सवाल पूछे हैं। मदन कौशिक ने कहा जिस तरह से कांग्रेस अब सैनिकों के प्रति अपना प्रेम दिखा रही है, उससे पहले सैनिकों से जुड़े कुछ सवालों का जवाब भी दे दे। भाजपा अध्यक्ष ने सवाल किया कि आज कांग्रेस सैनिक प्रेम की बात कर रही है, लेकिन क्यों आखिर इतने लंबे समय तक देश और प्रदेश में सरकार में रहने के बावजूद भी कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन पर कोई फैसला नहीं लिया।
आखिरकार जब देश में मोदी सरकार आई तब वन रैंक वन पेंशन पर भाजपा ने ही ऐतिहासिक निर्णय लिया। वहीं, इसके अलावा मदन कौशिक ने कहा जब देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद विश्व के कई देशों ने शोक व्यक्त किया, तो वहीं कांग्रेस की एक बड़ी नेता गोवा की रैली में नृत्य कर रही थीं। क्या कांग्रेस इस पर जवाब देगी। साथ ही पूछा कि उस समय कांग्रेस का सैनिक प्रेम कहां था, जब 11 जून 2017 को देश के सेना प्रमुख को सड़क का गुंडा कहा था। मदन कौशिक ने आरोप लगाया कि आज चुनाव आते ही कांग्रेस का सैनिक प्रेम बाहर आ रहा है, लेकिन जब बालाकोट एयर स्ट्राइक  और सर्जिकल स्ट्राइक  की गई तो उस समय यही कांग्रेस सेना से सुबूत मांग रही थी। भाजपा अध्यक्ष ने देहरादून में हुई राहुल गांधी की रैली को फ्लॉप शो बताया और कहा कि इससे आगामी विधानसभा चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के साथ है और भाजपा का ही साथ देगी।