Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

Big Exclusive: जल्द ही कॉंग्रेस के नाराज़ विधायक दिल्ली जाकर मिल सकते हैं आलाकमान से! विधायक मदन बिष्ट की लंच डिप्लोमेसी, उधर प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत की मुलाकात

Uttarakhand


देहरादून (Big News Today)

कांग्रेस के नाराज़ विधायकों और नेताओं का एक दल जल्द ही दिल्ली जाकर पार्टी आलाकमान से मिलेगा, इसको लेकर नाराज विधायकों में रणनीति तैयार हो रही है। ये नाराज विधायक हाल ही में कांग्रेस के 3 पदों पर हुई अहम नियुक्तियों के मामले में चर्चा करेंगे। सूत्रों के हवाले से ये बड़ी खबर हम आपको दे रहे हैं। इन विधायकों की नाराजगी इस बात को लेकर है कि नेता प्रतिपक्ष, उपनेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति में उत्तराखंड के दोनों मंडल यानी गढ़वाल मंडल और कुमाऊं मंडल में क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान नहीं रखा गया, साथ ही वरिष्ठता को लेकर भी कुछ विधायकों की आपत्ति है।

फ़ोटो: विधायक मदन बिष्ट के आवास पर अनौपचारिक बैठक

कॉंग्रेस में नए पदाधिकारियों को लेकर बधाइयों-शुभकामनाओं की गतिविधियों और कुछ विधायकों की नाराजगी की खबरों के बीच में एक खबर ये भी है कि द्वाराहाट से कांग्रेस के विधायक मदन बिष्ट के आवास पर कुछ विधायकों की अनौपचारिक मीटिंग हुई है और दोपहर का भोज भी साथ मे हुआ है, इनमें उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी भी शामिल रहे। इनमें कुछ पूर्व विधायक भी शामिल रहे हैं , भुवन कापड़ी को छोड़कर बाकी को को नाराज़ खेमे में माना जा रहा है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, विधायक विक्रम नेगी, विधायक मदन बिष्ट, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण शामिल हुए। दोपहर के इस भोज मुलाकात के दौरान कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा हुई है। हालांकि पूर्व विधायक राजकुमार ने इसे शिष्टचार मुलाकात बताया है।

दूसरी तरफ पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत से भेंट की है, साथ ही हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और भुवन कापड़ी भी प्रीतम सिंह के आवास पर पहुंचकर मिले हैं। हालांकि इन मुलाकातों को शिष्टाचार मुलाकातें बताया जा रहा है लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि सबकुछ इतना सामान्य है नहीं जिससे इन मुलाकातों और अनौपचारिक बैठकों को सिर्फ सामान्य शिष्टाचार मुलाकात भर ही मान लिया जाए। यानी इन शिष्टाचार मुलाकातों की तस्वीरों में चमक कुछ कम ही दिखाई दे रही है।